विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Energy Investment: ऊर्जा क्षेत्र में निवेश का बड़ा मौका, देशी-विदेशी निवेशकों को बिहार ने दिया न्योता

Published: Tue, 01 Sep 2026 07:56 PM (IST)

दिल्ली में आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी 2026 में बिहार ने ऊर्जा क्षेत्र में देशी-विदेशी निवेशकों को आमंत्रित किया, जहाँ ऊर्जा मंत्री ने राज्य के तेजी से बदलते ऊर्जा परिदृश्य और निवेश की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

बिहार में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं

बिहार में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं

HighLights

  1. बिहार ने ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के लिए वैश्विक न्योता दिया।

  2. 94 लाख स्मार्ट मीटर से बिजली वितरण में सुधार हुआ।

  3. भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए परमाणु ऊर्जा पर विचार।

राज्य ब्यूरो, पटना। दिल्ली में आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी 2026 में बिहार ने ऊर्जा क्षेत्र में देशी और विदेशी निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया। ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने निवेशकों से बिहार में पूंजी लगाने के साथ राज्य के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि 2026 का बिहार तेजी से बदल रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए राज्य भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार हो रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे बदलावों के साथ विकास और निवेश की नई संभावनाएं भी तैयार हो रही हैं।

बिहार में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं

ऊर्जा मंत्री ने निवेशकों से सिर्फ निवेश के उद्देश्य से नहीं, बल्कि बिहार के विकास में भागीदार बनने के लिए आने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए सुरक्षित, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली की व्यवस्था जरूरी है।

बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए राज्य अपने पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत कर रहा है। आधुनिक तकनीक और डिजिटल व्यवस्था के इस्तेमाल से बिजली वितरण प्रणाली में भी बदलाव किया जा रहा है।

94 लाख स्मार्ट मीटर से बदली बिजली व्यवस्था

बिहार में अब तक 94 लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। इससे बिलिंग व्यवस्था और बिजली खपत की निगरानी में सुधार हुआ है। स्मार्ट मीटरिंग को राज्य की डिजिटल बिजली व्यवस्था में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ऊर्जा मंत्री के अनुसार, इन प्रयासों का असर बिजली वितरण में भी दिखा है। राज्य में एटीएंडसी लॉस 59-60 प्रतिशत से घटकर 11.54 प्रतिशत से नीचे आ गया है।

9,475 MW की पीक डिमांड पूरी, अब 19 हजार MW का अनुमान

बिहार में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। बढ़ती आबादी, शहरीकरण, औद्योगिक गतिविधियों और आर्थिक विकास के साथ बिजली की जरूरत में भी तेजी आई है। राज्य ने अब तक 9,475 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड को सफलतापूर्वक पूरा किया है।

आने वाले वर्षों में मांग और बढ़ने का अनुमान है। वित्तीय वर्ष 2037 तक बिहार की बिजली मांग करीब 19,033 मेगावाट पहुंचने का अनुमान है। इस बढ़ती जरूरत ने ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को और बड़ा कर दिया है।

परमाणु ऊर्जा के विकल्प पर भी बिहार की नजर

भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिहार राष्ट्रीय बिजली क्षेत्र की संस्थाओं के साथ परमाणु ऊर्जा के दीर्घकालिक विकल्पों पर भी विचार कर रहा है। ऊर्जा जरूरतों के बढ़ते दायरे को देखते हुए राज्य पारंपरिक स्रोतों के साथ नए विकल्पों पर भी फोकस कर रहा है।

दिल्ली के आयोजन में बिहार ने अपनी ऊर्जा क्षमता, तकनीकी बदलाव और भविष्य की योजनाओं को निवेशकों के सामने रखा। उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में नए निवेश और तकनीकी साझेदारी को बढ़ावा देना है।

बिहार पावर पवेलियन में दिखी भविष्य की ऊर्जा व्यवस्था

ऊर्जा मंत्री ने बिहार पावर पवेलियन का उद्घाटन किया और वहां प्रदर्शित विभिन्न तकनीकों, परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी ली।

पवेलियन में स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, डिजिटल तकनीक और दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी बिहार की पहलों को प्रदर्शित किया गया।

यहां स्मार्ट मीटरिंग, डिजिटल बिजली प्रबंधन और रूफटाप सोलर की रिमोट मॉनिटरिंग जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही फोरजी कनेक्टिविटी और रियल टाइम बिजली खपत की निगरानी को भी प्रदर्शित किया गया।

मोबाइल से बिजली सेवा, बिलिंग में पारदर्शिता पर जोर

पवेलियन में पारदर्शी बिलिंग और मोबाइल आधारित उपभोक्ता सेवाओं की भी जानकारी दी गई। डिजिटल तकनीक के जरिए उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने और बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को सामने रखा गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।