Bihar Elections 2020: अब कांग्रेस बोले बिहार अभियान के साथ सोशल साइट पर हुई सक्रिय
प्रदेश के युवा और महिलाएं लगातार वीडियो पोस्ट से कर रहे गुस्से का इजहार हर कोई अपनी बात वीडियो के जरिए हैशटैग स्पिकअप बिहार लगा कर ट्विटर पर शेयर कर रहा है। लोग कोरोना महामारी के दौरान श्रमिकों के साथ हुए अत्याचार एवं बदहाली का जवाब मांग रहे हैं
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार में कांग्रेस विधानसभा चुनाव किसी मंजे हुए खिलाड़ी की तरह लड़ रही है। पार्टी की एक साथ दो मोर्चे पर सरकार के खिलाफ जंग जारी है। एक ओर कांग्रेस के स्टार प्रचारक चुनावी मैदान में प्रत्याशियों के पक्ष में हवा बना रहे हैं तो दूसरी ओर कांग्रेस के सोशल मीडिया विंग ने सोशल साइट्स पर अलग तरह की लड़ाई को आगे बढ़ा रही है। कांग्रेस की सोशल मीडिया विंग लगातार रोज नए अभियान के साथ सरकार पर हमले कर रही है ।
इसी कड़ी में पार्टी ने अब 'बोले बिहारÓ (स्पिक अप बिहार) अभियान शुरू किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हरखू झा और राजेश राठौर ने कहा कि अभियान के तहत बिहारवासी नीतीश कुमार की असफल गठबंधन सरकार के राज में बिहार किस तरह से प्रभावित रहे इस मसले पर खुल कर सोशल साइट पर बोल रहे हैं। सरकार के खिलाफ बोलने वालों में युवाओं की तादाद सर्वाधिक है।
बिहार सोशल मीडिया के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि बिहार कांग्रेस के ऑफिसियल ट्विटर हैंडल पर ताबड़तोड़ ग्राफिक्स एवं वीडियो के जरिए कांग्रेस नीतीश-मोदी सरकार के खिलाफ हमले किए जा रहे हैं। बोले बिहार अभियान के तहत युवा आगे आकर सोशल साइट पर भाजपा जदयू के 15 वर्षों के शासनकाल को कुशासन का तगमा दे रहे हैं।
हर कोई अपनी बात वीडियो के जरिए हैशटैग स्पिकअप बिहार लगा कर ट्विटर पर शेयर कर रहा है। लोग कोरोना महामारी के दौरान श्रमिकों के साथ हुए अत्याचार एवं बदहाली का जवाब मांग रहे हैं तो कोई अपने अधिकारों का हिसाब मांगते हुए बदलाव का बिगुल फूंक रहा है।
युवा रोजगार को लेकर भाजपा जदयू सरकार पर रोष प्रकट कर रहे हैं। इस मामले में महिलाएं भी पीछे नहीं। वह भी बिहार में महिलाओं पर होते अत्याचार एवं खुद को असुरक्षित महसूस करने की बातें कर रही हैं।
कांग्रेस ने दावा किया है कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह की घटनाओं को लेकर सरकार को जमकर कोसा एवं सत्ता परिवर्तन को लेकर महागठबंधन के पक्ष में नया बिहार बनाने का संकल्प लेने की बातें सोशल मीडिया साइट पर छाई हुई है।