विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षा विभाग ने बिहार बोर्ड के 4 अफसरों को हटाया, तत्कालीन सचिव को भी कार्यमुक्त करने का निर्देश

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:26 AM (IST)

शिक्षा विभाग ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के 67 वर्ष से अधिक उम्र के चार संविदा पर कार्यरत पदाधिकारियों को सेवामुक्त करने का आदेश दिया है।

संव‍िदा पर कार्यरत चार अफसर हटाए गए। सांकेत‍िक तस्‍वीर

संव‍िदा पर कार्यरत चार अफसर हटाए गए। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. बिहार बोर्ड के चार वरिष्ठ अधिकारी सेवामुक्त, उम्र सीमा उल्लंघन का मामला।

  2. सेवानिवृत्ति के बाद संविदा पर कार्यरत थे ये पदाधिकारी।

  3. तत्कालीन सचिव प्रमोद कुमार को भी तुरंत कार्यमुक्त करने का निर्देश।

राज्य ब्यूरो, पटना। शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) में सेवानिवृत्ति के बाद संविदा पर कार्यरत 67 वर्ष से अधिक उम्र के चार पदाधिकारियों को सेवामुक्त करने का आदेश दिया है।

सेवामुक्त किए जाने वाले पदाधिकारियों में परीक्षा नियंत्रक (माध्यमिक) संजय कुमार (67 वर्ष 9 माह), प्रशासनिक पदाधिकारी-सह-मुख्य निगरानी पदाधिकारी ईश्वर चन्द्र शर्मा (67 वर्ष 8 माह) शामिल हैं। 

इनके अलावा उप परीक्षा नियंत्रक (माध्यमिक) उमेश कुमार सिंह (67 वर्ष 4 माह) तथा संयुक्त सचिव शिवनाथ प्रसाद (69 वर्ष 3 माह) को भी सेवामुक्‍त किया गया है।

तत्‍कालीन सचिव प्रमोद कुमार को कार्यमुक्‍त करने का निर्देश 

शिवनाथ वर्तमान में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में प्रतिनियुक्त थे। आदेश में समिति के तत्कालीन सचिव प्रमोद कुमार को भी तुरंत कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया गया है।

शिक्षा विभाग ने समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को आदेश का अनुपालन करने तथा वित्तीय अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दिया है।

सक्षम प्राधिकार ने फंडामेंटल रूल्स के नियम 56 (ए) के तहत इन पदाधिकारियों को सेवामुक्त करने की मंजूरी दी है।

प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए डाॅ. जोशी ने दिए सुझाव

भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी गुरुवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर पहुंचे। शिक्षा मंत्री ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

डाॅ. जोशी ने शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव दिए। उन्होंने शिक्षा के मूल उद्देश्यों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और भारतीय ज्ञान परंपरा को मजबूत करने पर जोर दिया।

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने डाॅ. जोशी को बिहार की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों और राज्य सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।