बिहार में अपराधियों की जाति पर सियासत, डिप्टी सीएम बोले- तेजस्वी यादव बेबुनियाद बयानबाजी के आदी
उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और अपराध करने वालों पर कार्रवाई ...और पढ़ें

डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव। फाइल फोटो
HighLights
अपराधी की कोई जाति नहीं, अपराध पर होगी सख्त कार्रवाई।
तेजस्वी यादव पर ज्ञान के अभाव में बयानबाजी का आरोप।
राहुल गांधी की टिप्पणी को अमर्यादित, माफी मांगने की मांग।
राज्य ब्यूरो, पटना। उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने शुक्रवार को कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती। जो अपराध करेगा उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञान के अभाव में तेजस्वी बेबुनियाद बयानबाजी के आदी हो चुके हैं।
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकाराें से बातचीत के क्रम में उन्होंने यह बात कही। जन सुनवाई कार्यक्रम मे अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान भी मौजूद थे। प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी, लोकप्रकाश सिंह, अरुण कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अरविन्द निषाद एवं मनीष यादव की भी उपस्थिति रही।
अपराध के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सरकार की शुरू से ‘जीरो टोलरेंस’ की नीति रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गयी टिप्पणी आपत्तिजनक है।
राजनीति में सैद्धांतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। राहुल गांधी को अविलंब माफी मांगनी चाहिए।
पेट्रोलियम पदार्थों की कम खपत को लेकर प्रधानमंत्री के सुझाव को देशहित में बताते हुए कहा कि पश्चिमी एशिया में बिगड़े हालात के कारण आयात प्रभावित हो रहा है, इसलिए सभी लोगों को ईंधन की बचत पर ध्यान देना चाहिए।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान ही जन सुनवाई कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। नीतीश कुमार ने बीते दो दशकों में सुदूर गांवों तक विकास की किरणें पहुंचाने का काम किया है तथा समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया।
यह भी पढ़ें- अपराधियों की जाति पर सियासत तेज: मांझी ने राजद से पूछा- जेलों में एक ही जाति के 40% बंदी क्यों?
यह भी पढ़ें- प्रशांत किशोर को झटका! जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, 1 साल के लिए राजनीति से सन्यास
यह भी पढ़ें- लालू से नीतीश तक, हर सरकार के ‘विश्वसनीय मंत्री’, एक भी चुनाव नहीं हारे विजेंद्र यादव
