सुशील मोदी ने स्वीकारा- नौ बच्चों की मौत का जिम्मेदार है BJP का सदस्य, नहीं बचेगा
बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा है कि शनिवार को हुई मुजफ्फरपुर की घटना का आरोपी मनोज बैठा भाजपा का सदस्य है और उसपर कार्रवाई जरूर होगी।
पटना [जेएनएन]। मुजफ्फरपुर की घटना पर सुशील मोदी ने कहा कि घटना का अपराधी मनोज बैठा बीजेपी का सदस्य है। उन्होंने बताया कि मनोज बैठा सीतामढ़ी जिले का बीजेपी नेता है और वो घटना के बाद फरार बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वो अगर पाताल में भी होगा तो उसे खोज कर निकालेंगे। आरोपी किसी भी दल का हो बीजेपी का हो या राजद का हो, अपराधी अपराधी है और उसपर कार्रवाई होगी।
बता दें कि मीनापुर प्रखंड में शनिवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ था। स्कूल से लौटते समय मुजफ्फरपुर-शिवहर मार्ग पर अनियंत्रित बोलेरो ने डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चों को रौंद दिया, जिसमें से नौ बच्चों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद बोलेरो पलट गई थी और उसमें सवार महिलाएं और अन्य घायल हो गए।
बताया जाता है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय धर्मपुर से छुट्टी होने के बाद बच्चे घर लौट रहे थे। रास्ता पार करने के क्रम में मुजफ्फरपुर-शिवहर मार्ग पर तेज गति से आ रही बोलेरो ने बच्चों को रौंद दिया था। जब तक कोई कुछ समझ पाता, कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए थे।
रफ्तार तेज होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया था। बाद में पता चला कि बोलेरो खुद भाजपा के सदस्य चला रहे थे और उन्हीं की बोलेरो से यह दर्दनाक घटना हुई थी। घटना के बाद बीजेपी सदस्य मनोज बैठा फरार बताए जा रहे हैं।