परिसीमन विधेयक पर बिहार में सियासी घमासान, संजय झा ने कांग्रेस को घेरा तो RJD ने दी खुली चुनौती
बिहार में परिसीमन विधेयक को लेकर तीखी बयानबाजी जारी है। सत्ता पक्ष इसे महिला आरक्षण और बढ़ती आबादी के लिए आवश्यक बता रहा है, जबकि राजद का दावा है कि सरकार के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है।

संजय झा, चिराग पासवान और सुधाकर सिंह। फाइल
HighLights
सत्ता पक्ष महिला आरक्षण और बढ़ती आबादी हेतु विधेयक का समर्थन कर रहा।
विपक्ष राजद का दावा, सरकार के पास विधेयक पारित करने को संख्या बल नहीं।
संजय झा, चिराग पासवान, गिरिराज सिंह ने विधेयक को आवश्यक बताया।
डिजिटल डेस्क, पटना। परिसीमन विधेयक को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष के नेता इसे महिला आरक्षण और निर्वाचन क्षेत्रों की बढ़ती आबादी के लिहाज से जरूरी बता रहे हैं।
वहीं विपक्ष इसे पारित नहीं होने देने का दावा कर रहा है। जदयू, भाजपा और लोजपा (रामविलास) के नेताओं ने विधेयक के समर्थन में दलीलें दी हैं तो राजद सांसदों ने संसद में सत्ता पक्ष के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं होने की बात कही है।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि परिसीमन होना ही चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि वह स्पष्ट करे कि महिला आरक्षण के पक्ष में है या नहीं।
संजय झा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को महिलाओं के सशक्तीकरण से अधिक अपने परिवार की चिंता है। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों में निर्वाचन क्षेत्रों की आबादी काफी बढ़ गई है।
इसी को देखते हुए परिसीमन की जरूरत है। उनके अनुसार, प्रस्ताव के तहत हर राज्य में सीटें 50 प्रतिशत तक बढ़ेंगी और बढ़ी हुई सीटों में महिला आरक्षण का लाभ भी मिलेगा। महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है, ऐसे में विपक्ष के विरोध का कोई औचित्य नहीं है।
चिराग और गिरिराज ने भी किया समर्थन
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने परिसीमन प्रस्ताव को अच्छा बताते हुए कहा कि इससे हर राज्य को लाभ होगा। उन्होंने विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए में मतभेद की ओर इशारा करते हुए कहा कि कई घटक दलों का सरकार के प्रस्ताव के समर्थन में आना गठबंधन में दरार को दर्शाता है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष के विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा कि बढ़ती आबादी के अनुपात में लोकसभा में प्रतिनिधित्व बढ़ना जरूरी है।
उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब 40 लाख की आबादी वाले जिले के हर गांव तक सांसद का पहुंच पाना संभव नहीं है।
उन्होंने प्रस्तावित मॉडल को उत्तर और दक्षिण, दोनों भारत के लिए लाभकारी बताया। साथ ही विपक्ष पर महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाया।
जदयू नेता नीरज कुमार ने भी परिसीमन को संवैधानिक व्यवस्था का स्वाभाविक हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि आबादी बढ़ने के साथ परिसीमन की प्रक्रिया होनी चाहिए।
राजद का दावा- सरकार के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं
दूसरी ओर, राजद सांसद सुधाकर सिंह ने विधेयक के पारित होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ दलों के समर्थन की खबरों के आधार पर सत्ता पक्ष संख्या बल पूरा होने का माहौल बना रहा है।
उन्होंने दावा किया कि सरकार के पास कानून पारित कराने के लिए जरूरी संख्या बल नहीं है और यह विधेयक पास नहीं होगा।
सुधाकर सिंह ने कहा कि केवल राजनीतिक माहौल बनाने से सांसद अपने सिद्धांतों और नीतियों से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने विपक्षी दलों पर दबाव बनाने की कोशिशों का भी आरोप लगाया।
राजद सांसद अभय कुशवाहा ने भी कहा कि विपक्ष के पास संख्या बल बरकरार है। उन्होंने बताया कि आईएनडीआईए गठबंधन की बैठक में इस मुद्दे पर निर्णय लिया जाएगा।
अभय कुशवाहा ने भाजपा पर विपक्षी दलों में फूट डालने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजद और आईएनडीआईए गठबंधन एकजुट हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।