विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए अब हर दिन चलेंगी लग्जरी बसें, पटना से किराया ₹1715 से शुरू

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:21 PM (GMT+05:30)

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए अब नियमित लग्जरी बस सेवा शुरू हो गई है, जिसका उद्घाटन दिल्ली और बिहार के परिवहन मंत्रियों ने किया।

बिहार से दिल्ली के लिए अब हर दिन चलेंगी बसें (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार से दिल्ली के लिए अब हर दिन चलेंगी बसें (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बसें।

  2. कुल 149 डीलक्स बसें, 18 मार्गों पर चलेंगी।

  3. पटना से दिल्ली किराया ₹1715 से शुरू।

राज्य ब्यूरो, पटना। राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गयाजी, पूर्णिया समेत राज्य के 13 जिलों से दिल्ली आने-जाने के लिए अब नियमित बसें चलेंगी। यह सभी बसें 18 मार्गों से होते हुए दिल्ली पहुंचेंगी। 

शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बिहार-दिल्ली अंतरराज्यीय बस सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाई। 

कार्यक्रम नई दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) कश्मीरी गेट पर आयोजित हुआ। इसके पूर्व दोनों राज्यों के परिवहन सचिव (बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार एवं दिल्ली के परिवहन सचिव निहारिका राय) ने बस परिचालन के लिए एमओयू साइन किया।

परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, अंतरराज्यीय मार्गों पर परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नान-एसी एवं 74 एसी बसें हैं। इसके अतिरिक्त पीपीपी मोड में भी 150 बसें चलेंगी। इसके लिए प्रदेश में कुल 18 मार्गों का चयन किया गया है। 

पटना से सबसे अधिक चार मार्ग, मुजफ्फरपुर और गया जी से दो-दो मार्ग जबकि अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से एक-एक मार्ग दिल्ली के लिए चिन्हित किए गए हैं। हर मार्ग पर दिल्ली और बिहार दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित है। 

एसी स्लीपर का किराया 1715 रुपये

चार श्रेणी नॉन एसी सीटर एवं स्लीपर जबकि एसी सीटर एवं स्लीपर श्रेणी में बसें चलेंगी। पटना से दिल्ली का एसी स्लीपर का किराया 2990 जबकि नॉन एसी स्लीपर का किराया 1715 रुपये है। सभी रूटों पर बस किराये की जानकारी, बसों की समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पोर्टल (bsrtc.bihar.gov.in) पर उपलब्ध होगी। यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी जानकारी ले सकते हैं।

यात्रियों को पर्व-त्योहार के समय नहीं करना होगा इंतजार : मंत्री

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पहले यह सेवा केवल पर्व-त्योहारों तक ही सीमित रहती थी। इस साल दीपावली और छठ पर्व पर बिहार से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न मार्गों पर कुल 155 बसें चलाई गईं। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया और बढ़ती मांग के बाद यह जरूरी समझा गया कि ये सेवाएं पूरे वर्ष चलें। 

उन्होंने आगे बताया कि इससे पूर्व बिहार-हरियाणा के बीच जुलाई में 12 मार्गों पर नियमित बस संचालन के लिए एमओयू हुआ है। इसके तहत 36 बसों का परमिट निगम को प्राप्त हो चुका है। इन मार्गों में अधिकांश बसें दिल्ली होकर हरियाणा के विभिन्न गंतव्यों तक जाएंगी।

यह भी पढ़ें- 2031 तक सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में बनेंगे नए एयरपोर्ट, मुजफ्फरपुर-रक्सौल सहित 10 शहरों का बदलेगा नक्शा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।