Bihar Daroga Exam: खगौल में परीक्षा से 3 मिनट पहले खुली मिलीं दो बुकलेट की सील, EOU ने दर्ज किया केस
Bihar Daroga Exam Fraud: बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा में धांधली की जांच के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने पटना ...और पढ़ें

दो बुकलेट की तीन जगह से कटी मिली सील
HighLights
EOU ने खगौल में खुली प्रश्न पुस्तिकाओं पर नई FIR दर्ज की।
परीक्षा से तीन मिनट पहले दो बुकलेट की सील टूटी मिली।
दारोगा भर्ती धांधली की जांच का दायरा अब और बढ़ा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा में धांधली की जांच अब एक और मामले तक पहुंच गई है। पटना के खगौल स्थित बालिगा उच्च माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा शुरू होने से महज तीन मिनट पहले दो प्रश्न पुस्तिकाओं की सील खुली मिली थी। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध नई प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाई बजे शुरू होनी थी परीक्षा, 2:27 पर खुली मिली सील
27 मई को दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होनी थी। परीक्षा शुरू होने से करीब तीन मिनट पहले, 2:27 बजे वीक्षक ने अभ्यर्थियों पुरुषोत्तम कुमार और राकेश कुमार को प्रश्न-पत्र दिया। दोनों ने बुकलेट की सील खुली होने की जानकारी दी।
दो बुकलेट की तीन जगह से कटी मिली सील
ईओयू की प्राथमिकी के अनुसार बुकलेट संख्या 22514351 और 22514352 की सील निर्धारित तीनों स्थानों से टूटी हुई थी।
अभ्यर्थियों की आपत्ति के बाद वीक्षक ने केंद्राधीक्षक को इसकी सूचना दी। बाद में मजिस्ट्रेट और आयोग के प्रतिनिधि की मौजूदगी में दोनों को अनुपस्थित परीक्षार्थियों के प्रश्न-पत्र दिए गए।
केंद्राधीक्षक और वीक्षक से भी हुई पूछताछ
मामले की जांच के दौरान ईओयू ने बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) से अभ्यर्थियों, केंद्राधीक्षक और वीक्षक की जानकारी के साथ वीडियो फुटेज मांगी थी।
रिकॉर्ड मिलने के बाद ईओयू ने केंद्राधीक्षक और वीक्षक से पूछताछ की। एसआईटी की जांच में भी दोनों बुकलेट की सील कटी हुई पाई गई।
चेन ऑफ कस्टडी टूटने को लेकर केस
ईओयू ने प्रश्न-पत्र की सुरक्षा व्यवस्था यानी चेन ऑफ कस्टडी के भंग होने को परीक्षा की शुचिता का उल्लंघन माना है। प्राथमिकी में आशंका जताई गई है कि परीक्षा शुरू होने से पहले किसी स्तर पर प्रश्न-पत्र की सुरक्षा से जुड़े व्यक्ति के सहयोग से सील से छेड़छाड़ की गई। मामले में आपराधिक षड्यंत्र और अवैध आर्थिक लाभ की संभावना की भी जांच की जा रही है।
गया और पूर्णिया के बाद खगौल में EOU की सीधी FIR
इस मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि अभी तक ईओयू गया और पूर्णिया में दर्ज पुलिस प्राथमिकी को टेकओवर कर जांच कर रही थी।
खगौल मामले में ईओयू ने आर्थिक अपराध थाने में अपने स्तर से नई प्राथमिकी दर्ज की है। इससे जांच का दायरा और बढ़ गया है।
मुख्य लिखित परीक्षा रद, फिर भी जारी है जांच
दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा रद की जा चुकी है, लेकिन धांधली से जुड़े मामलों की जांच जारी है। ईओयू ने राज्य सरकार को दी प्रारंभिक रिपोर्ट में गया, पूर्णिया और खगौल में गड़बड़ी की बात कही है।
गया मामले में प्रश्न-पत्र की तस्वीर के बदले कथित भुगतान से जुड़े आरोपितों और साल्वर गैंग की तलाश भी जारी है।
यह भी पढ़ें- Bihar Daroga Exam: ईओयू ने आयोग को लिखे पांच पत्र, दो का ही मिला जवाब; इन परीक्षा केंद्रों पर उठे सवाल
