विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दारोगा भर्ती परीक्षा रद तो सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी, तिरंगा लेकर पटना गांधी मैदान से JP गोलंबर तक मार्च; पुलिस ने रोका रास्ता

By Shubham KumarEdited By: Radha Krishna
Published: Mon, 05 Oct 2026 12:54 PM (IST)

बिहार पुलिस दारोगा भर्ती परीक्षा रद होने के बाद अभ्यर्थियों ने पटना में विरोध प्रदर्शन किया। गांधी मैदान से जेपी ...और पढ़ें

HighLights

  1. दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थी आक्रोशित, सड़कों पर उतरे।

  2. गांधी मैदान से जेपी गोलंबर तक तिरंगा मार्च, पुलिस ने रोका।

  3. प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग पर अड़े हुए हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार पुलिस दारोगा भर्ती परीक्षा रद होने के बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। गर्दनीबाग में चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गांधी मैदान पहुंचे और वहां से तिरंगा लेकर मार्च करते हुए जेपी गोलंबर की ओर बढ़े। हाथों में बैनर-पोस्टर और जुबां पर नारे लिए अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द करने के फैसले का विरोध किया।

प्रदर्शनकारी लगातार अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

तिरंगा लेकर निकले अभ्यर्थी, सड़कों पर गूंजे नारे

सोमवार को अभ्यर्थी हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। पोस्टरों पर “एक सुत्ता दो चाय”, “BPSSC आयोग हाय-हाय” समेत अलग-अलग नारे लिखे थे।

गांधी मैदान से अभ्यर्थियों का मार्च शुरू हुआ। तिरंगा हाथ में लेकर अभ्यर्थी नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों की भीड़ जेपी गोलंबर की ओर पहुंच गई।

daroga

JP गोलंबर पर पुलिस ने लगाई बैरिकेडिंग

अभ्यर्थियों के जेपी गोलंबर पहुंचने के बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

मौके पर पुलिस अधिकारी लगातार अभ्यर्थियों से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे।

दो लेयर की सुरक्षा, आगे पुलिस-पीछे RAF

प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पटना की सड़कों पर दो लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आगे बिहार पुलिस के जवान तैनात हैं, जबकि पीछे RAF की टीम को लगाया गया है।

मौके पर मीडियाकर्मी भी मौजूद हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

'हमें CM से मिलना है, वरना यहीं बैठे रहेंगे'

प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के लिए अधिकारियों की ओर से अनाउंसमेंट किया गया। अभ्यर्थियों से कहा गया कि वे अपने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को तैयार करें।

अधिकारियों ने कहा कि उचित माध्यम से प्रतिनिधिमंडल को संबंधित अधिकारी से मिलवाकर उनकी बात रखी जाएगी।

इस पर प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग पर अड़ गए। अभ्यर्थियों का कहना है, “हमें CM से मिलना है, वरना हम यहीं बैठे रहेंगे।”

परीक्षा रद होने के बाद बढ़ा आक्रोश

दारोगा भर्ती परीक्षा रद होने के बाद से अभ्यर्थी लगातार विरोध कर रहे हैं। गर्दनीबाग में धरना-प्रदर्शन के बाद सोमवार को उनका आंदोलन सड़क तक पहुंच गया।

अब गांधी मैदान से जेपी गोलंबर तक निकले मार्च और बैरिकेडिंग के बाद पटना में प्रदर्शन का दबाव बढ़ गया है। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सरकार और संबंधित अधिकारियों से स्पष्ट कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।