बिहार में मिल्क प्रोडक्शन के लिए 498.81 करोड़ खर्च करेगी सरकार, अब 90% बछिया पैदा होने वाली तकनीक पर जोर
केंद्र सरकार बिहार में दूध उत्पादन और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत 498.81 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके तहत 32 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिससे राज्य में डेयरी क्षेत्र का विस्तार होगा।

बिहार में मिल्क प्रोडक्शन का मेगा प्लान, 498 करोड़ खर्च करेगी केंद्र सरकार (AI Generated Image)
HighLights
केंद्र सरकार बिहार में 499 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत 32 परियोजनाएं स्वीकृत।
दूध उत्पादन और पशुपालकों की आय बढ़ाने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में दूध उत्पादन और पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार 498.81 करोड़ रुपये खर्च करेगी। राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (एनपीडीडी) के तहत राज्य में 32 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
इनसे दूध संग्रहण, गुणवत्ता जांच, शीतलीकरण और प्रसंस्करण की सुविधाओं का विस्तार होगा। राज्य में अब तक 14,056 नई दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया गया है, जबकि 7,435 पुरानी समितियों को सुदृढ़ किया गया है।
केंद्रीय डेयरी, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बुधवार को पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस समारोह को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि बिहार में डेयरी सहकारिता के क्षेत्र में हुए काम को देखते हुए इस बार राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का आयोजन पटना में किया गया है।
मंत्री ने बताया कि देशभर में एनपीडीडी के तहत 6,396 करोड़ रुपये की लागत से 324 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। गांवों में दूध की गुणवत्ता जांच के लिए किट उपलब्ध कराने के साथ शीतलीकरण की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। देश में 11 राज्य स्तरीय प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं।
75 हजार नई डेयरी समितियां बनाने का लक्ष्य
मंत्री ने कहा कि देश में कुल दूध उत्पादन का करीब 63 प्रतिशत हिस्सा असंगठित क्षेत्र से आता है। ऐसे में पशुपालकों को उनके उत्पादन का उचित मूल्य नहीं मिल पाता।
इस स्थिति को बदलने के लिए श्वेत क्रांति-2 के तहत अगले पांच वर्षों में 75 हजार नई डेयरी सहकारी समितियां गठित करने और पहले से मौजूद 46 हजार समितियों को मजबूत करने का लक्ष्य है।
सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के विस्तार से ग्रामीण उत्पादकों को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा।
12 वर्षों में दूध उत्पादन 91 प्रतिशत बढ़ा
ललन सिंह ने कहा कि वर्ष 2013-14 में देश में 7.19 करोड़ मीट्रिक टन दूध का उत्पादन होता था, जो बढ़कर 13.76 करोड़ मीट्रिक टन हो गया है। 12 वर्षों में करीब 91 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। भारत आज दुनिया में दूध उत्पादन में पहले और मछली उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि पशुपालन और मत्स्य पालन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 20 करोड़ लोगों की आजीविका जुड़ी है।
90 प्रतिशत बछिया पैदा करने वाली तकनीक अपनाएं पशुपालक
दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए मंत्री ने सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक से कृत्रिम गर्भाधान कराने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस तकनीक से गर्भाधान कराने पर करीब 90 प्रतिशत बछिया पैदा होने की संभावना रहती है। इससे भविष्य में दुधारू पशुओं की संख्या बढ़ेगी और पशुपालकों की आमदनी में वृद्धि होगी।
इसके अलावा उन्नत नस्ल की बछियों के उत्पादन के लिए देशभर में हीफर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को इसका नोडल बनाया गया है। बिहार में भी एक हीफर सेंटर स्वीकृत हुआ है, जहां काम चल रहा है। केंद्र सरकार इस वर्ष 50 हीफर सेंटर के प्रस्ताव के साथ आगे बढ़ रही है।
बिहार को मिलीं 307 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां
पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए केंद्र सरकार मुफ्त टीकाकरण अभियान चला रही है। देशभर में खुरपका-मुंहपका के 152 करोड़, पीपीआर के 25 करोड़, ब्रुसेलोसिस के 3.2 करोड़ और सूअर बुखार के 64 लाख टीके लगाए जा चुके हैं।
पशुओं के उपचार के लिए देशभर में 4,019 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें 307 बिहार को मिली हैं।
मंत्री ने बताया कि देश में स्थापित 25 दुग्ध उत्पादक संगठनों में 19 का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। डेयरी सहकारी समितियों और एफपीओ को कार्यशील पूंजी देने के साथ समय पर किस्त चुकाने पर तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी भी दी जा रही है।
उन्होंने बिहार में कॉम्फेड और सुधा के काम की सराहना करते हुए डेयरी क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
यह भी पढ़ें- बिहार बनेगा 'मिल्क हब': अब सुधा बेचेगा बकरी का दूध और मखाना खीर; गाय-भैंस खरीदने पर ब्याज देगी सरकार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।