Bihar Crime: नवादा में मछली मारने के विवाद में दो को मारी गोली, एक की मौत, आरोपित गिरफ़तार
नवादा में दो लोगों को विवाद में गोली मार दी गई। एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि एक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। आरोपित को गिरफ़तार कर लिया गया है।
नवादा, जेएनएन: मछली मारने को लेकर उपजे विवाद के दौरान बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी। जिसमें एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। घटना थाना क्षेत्र के मसनखावां गांव से एक किलोमीटर उत्तर कुटरी नहर के पुल पर शुक्रवार की रात साढ़े दस बजे घटी। घटना में मसनखावां ग्रामीण गनौरी रविदास के पुत्र 40 वर्षीय रंजीत रविदास की मौत हो गई जबकि, फिरंगी रविदास का पुत्र उमेश रविदास गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हत्या के आरोपित को पुलिस ने गिरफ़तार कर लिया है।
एक की घटनास्थल पर ही मौत
सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम को शव उठाने में काफी मशक्कत करना पड़ा। सदर अस्पताल नवादा में इलाजरत जख्मी उमेश रविदास के बयान पर कुटरी ग्रामीण गजबलाल सिंह के पुत्र संजय सिंह समेत पांच-छह अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी में जख्मी ने कहा है कि संजय सिंह अपने पांच-छह साथियों के साथ रात में कुटरी छोटी नहर के पुल पर आए और हम दोनों को गाली-गलौज करते हुए मछली मारने से मना करने लगे। इसी बीच संजय ने अपने हाथ में लिए रिवॉल्वर से रंजीत और मुझे गोली मार दी। रंजीत की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि, मुझे हाथ और पेट में गोली लगी।
गोली मारने के पीछे पूर्व का विवाद
गोली की आवाज सुनकर मसनखावां गांव के लोग पहुंचे और जख्मी उमेश को इलाज के लिए वारिसलीगंज पीएचसी लाया गया। सूत्रों की माने तो रंजीत को गोली मारने के पीछे पूर्व का विवाद बताया जा रहा है। दो माह पूर्व आरोपित बने संजय और मृतक के बीच आम तोडऩे को लेकर विवाद हुआ था। जबकि इधर रंजीत रविदास आरोपित के खेत के पास मछली मारने को ले चिलोंग लगा रखा था। यह भी कहा गया कि घटना वाले दिन को ही आरोपित ने रंजीत को वहां मछली मारने से मना किया था। अन्यथा आधी मछली देने को कहा था। जिसपर रंजीत तैयार नहीं हुआ था।
सीओ ने विधवा को दिया चेक
मृतक रंजीत रविदास की विधवा रंजू देवी को वारिसलीगंज सीओ उदय प्रसाद ने पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रुपये का चेक शनिवार को थाना में दिया। बीडीओ की गैर मौजूदगी में सीओ ने चेक दिया।
नेताओं ने किया मातमपूर्सी
घटना की सूचना पर विधायक अरुणा देवी ने शनिवार की सुबह मसनखावां गांव स्थित मृतक रंजीत के घर पहुंच कर पीडि़त परिजनों को ढाढस बंधाया। जबकि, राजद नेता उमेश यादव समेत अन्य कई दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया। दूसरी ओर भीम आर्मी से जुड़े नगर के शेरपुर ग्रामीण निशान्त चौधरी ने भी सदर अस्पताल पहुंचकर जख्मी उमेश से मिली घटना की विस्तृत जानकारी ली। श्रीचौधरी ने घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग एसपी से की।
हत्यारोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने आरोपित कुटरी ग्रामीण संजय सिंह को घटना के 36 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पकरीबरावां एसडीपीओ मुकेश कुमार साह के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार की शाम कुटरी गांव स्थित आरोपित के घर पर छापेमारी की थी। पुलिस अन्य आरोपितों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।