यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Crime: नालंदा में बेखौफ अपराधियों ने सीपीडब्लूडी ठेकेदार से पूछा- 'कैसे हो बाबू' फिर गोलियों से भूना
Bihar Crime नालंदा में बेखौफ अपराधियों ने पावापुरी में सीपीडब्लूडी ठेकेदार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के ...और पढ़ें

नालंदा, जेएनएन। गिरियक थाना क्षेत्र के पावापुरी ओपी अंतर्गत पोखरपुर लाइन होटल में बैठे सीपीडब्यूडी के ठेकेदार दिनेश सिंह (56) को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने गोलियों से छलनी कर दिया। वारदात के बाद उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जिस समय उन्हें गोली मारी गई, उस वक्त उन्होंने अपनी कमर में 9 एमएम की लाइसेंसी पिस्टल रखी थी। वे जवाबी फायर करने के लिए पिस्तौल निकाल चुके थे परन्तु कैसै हो बाबू पूछकर बदमाशों ने उन्हें ताबड़तोड तीन गोली मारकर ढेर कर दिया। दिनेश सिंह पूर्व एमएलसी कपिलदेव सिंह के भतीजे थे। अभी तक हत्या के पीछे की वजह का पता नहीं चला है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार की दोपहर करीब दो बजे सीपीडब्लूडी के 56 वर्षीय ठेकेदार दिनेश सिंह अपने कुछ सहयोगियों के साथ रैन बसेरा होटल में बैठे थे। तभी एक बाइक पर सवार होकर दो लोग आए और पहले उनका हाल-चाल पूछा फिर पिस्तौल निकाल कर दनादन तीन गोली मार दी। गोली मारने के बाद बाइक सवार दोनों बदमाश फरार हो गए। इधर, गोली लगते ही आसपास बैठे लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। आनन-फानन में उन्हें एक निजी वाहन से सदर अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सक ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिए। लेकिन उनके स्वजन पल्स चलने की बात कह जबरन पटना की ओर रवाना हो गए। मृतक के स्वजन ने बताया कि वे सीपीडब्लूडी विभाग में ठेके का भी काम करते हैं। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसपी नीलेश कुमार दल-बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे लेकिन उससे पहले स्वजन दिनेश सिंह को अपने ही निजी वाहन से लेकर पटना की ओर रवाना हो चुके थे। एसपी ने सदर अस्पताल में उनके स्वजन से पूछताछ कर फीडबैक लिया।
फिल्मी स्टाइल में पहले पूछा कैसे हैं दिनेश बाबू फिर मार दी गोली
बाइक सवार अपराधियों ने रैन बसेरा होटल में आते ही तीन-चार लोगों के बीच बैठे लोगों से पूछा- 'कैसे हैं दिनेश बाबू' फिर जवाब मिलते ही फिल्मी स्टाइल में पिस्तौल निकाली और दनादन तीन गोली दाग दी। इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते बाइक सवार दोनों अपराधी काम को अंजाम देकर फरार हो गए। होटल पर बैठे लोगों के बीच पहले तो कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची रही फिर आनन-फानन में एक निजी वाहन से उन्हें सदर अस्पताल बिहारशरीफ लाया गया। गोली ऑटोमेटिक माउजर से चलाए जाने की बात कही जा रही है। बहरहाल पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है।
