Bihar Crime: बीमार मां के लिए दवा लेने गई लड़की को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म, VIDEO VIRAL
Bihar Crime बिहार के सारण जिले में एक नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। अपराधियों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया।
सारण, जेएनएन। बिहार के सारण जिले में बड़ी वारदात हुई। बीमार मां के लिए दवा लेने बाजार गई एक नाबालिग लड़की को अगवा कर सात दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, इसका वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने लड़की के बयान पर तीन नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर लिया है। आरोपितों की खाेज जारी है।
अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो किया वायरल
मिली जानकारी के अनुसार, सारण के तरैया थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की अपनी बीमार मां के लिए दवा लेने तरैया बाजार गई थी। वापस लौटते वक्त सात अपराधियों ने उसका रास्ता रोका तथा अगवा कर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया तथा घटना का वीडियो भी बना लिया। इसके बाद उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
तीन नामजद व चार अज्ञात पर दर्ज कराई एफआइआर
दुष्कर्म करने वालों ने लड़की को घटना की जानकारी किसी को भी देने पर हत्या की धमकी दी थी, इसलिए वह चुप रही। लेकिन वीडियो वायरल होने पर जब गांव में कानाफूसी होने लगी, तब उसने मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद व मां के साथ तरैया थाना पहुंची और एफआइआर दर्ज कराया।
बताया- घर लौटते वक्त रास्ते से कर लिया था अगवा
दर्ज एफफआइआर के अनुसार बीते 17 जुलाई को घर लौटते वक्त बाइक सवार अपराधियों ने उसे घेर लिया। फिर, गमछा से उसका मुंह दबा कर बाइक पर बैठाकर किसी सुनसान जगह पर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने घटना का वीडियो भी बना लिया। लड़की के अनुसार सात दुष्कर्मियों में से वह तीन को पहचानती है। वे छपिया गांव के रहने वाले हैं।