बिहार कोर्ट ब्लास्ट धमकी मामले में ATS का छापा, यूपी के पीलीभीत से जुड़े तार; रिटायर्ड अधिकारी के ईमेल से भेजा मैसेज
बिहार के जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी के तार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से जुड़े हैं। बिहार ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, पीलीभीत/पटना। बिहार के जिला न्यायालयों में बम विस्फोट की लगातार आ रही धमकी के तार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से जुड़ गए हैं। शातिर बदमाश स्थानीय रिटायर्ड अधिकारी की बंद ई-मेल आइडी को दोबारा संचालित कर धमकी भरा संदेश भेज रहे थे।
बिहार पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम ने इस मामले में पीलीभीत में छापेमारी की। इस दौरान शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक दो लोगों से लंबी पूछताछ की। हालांकि उनकी संलिप्तता नहीं पाए जाने पर छोड़ दिया गया।
पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि बिहार एटीएस जांच करने आई थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से दो लोगों से पूछताछ हुई मगर, कोई आपराधिक तथ्य नहीं मिला। दरअसल, जनवरी से मार्च के बीच राज्य के जिला न्यायालयों में बम विस्फोट की धमकी देते हुए कई ई-मेल भेजे गए थे।
न्यायालयों की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण एटीएस को जांच सौंपी गई। अधिकारियों के अनुसार, बिहार एटीएस की साइबर सेल ने सभी ई-मेल आइडी का ब्योरा जुटाना शुरू किया। इसी में एक ई-मेल आइडी पीलीभीत निवासी रिटायर्ड अधिकारी की निकली।
इस पर बिहार एटीएस ने उत्तर प्रदेश की एटीएस से संपर्क किया। शुक्रवार को संयुक्त टीम ने शहर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद छापेमारी शुरू की गई। रिटायर्ड अधिकारी से ई-मेल आइडी के बारे में कई सवाल हुए।
उन्होंने बताया कि जिस ई-मेल आइडी से धमकी भेजे जाने की बात कही जा रही, वह कई वर्ष पहले बंद हो चुकी। उन्होंने स्वीकारा कि आइडी उन्हीं की है मगर, ब्लाक होने के कारण लंबे समय से उपयोग नहीं की जा सकी।
इसके बाद शनिवार को एक अन्य स्थान पर छापेमारी कर एक युवक से पूछताछ हुई। उनकी गतिविधियां भी सामान्य मिलीं। अंदेशा जताया जा रहा कि धमकी भेजने वाले बदमाश साइबर जानकार थे।
उन्होंने किसी प्रकार लंबे समय से बंद ई-मेल आइडी को रिकवर किया। इसके बाद उन्हीं आइडी से धमकी भरे संदेश भेज दिए। पूछताछ से संतुष्ट टीम लौट गई।
यह भी पढ़ें- बिहार में लोन के नाम खुलवाते थे खाता, साइबर ठगी में होता था इस्तेमाल: 10वीं पास मास्टरमाइंड का खेल उजागर
