बिहार में टूटा कोरोना संक्रमितों के मिलने का रिकॉर्ड, 80 ने गंवाई जान; एक्टिव केस एक लाख के पार
Bihar CoronaVirus News बिहार में कोरोना की चेन थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर एक लाख पांच हजार चार सौ हो गई है। शुक्रवार को संक्रमण से 80 लोगों की जान भी गई। पहली बार एक दिन में 15853 संक्रमित मिले हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना: बिहार में पहली बार एक दिन में 15,853 संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर एक लाख पांच हजार चार सौ हो गई है। शुक्रवार को संक्रमण से 80 लोगों की जान भी गई। हालांकि विगत 24 घंटे में राज्य में 11194 लोग कोरोना को पराजित करने में भी सफल रहे। वहीं, प्रदेश के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह का राजधानी स्थित पारस अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। 15 अप्रैल को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को बुलेटिन जारी कर बताया कि 24 घंटे में राज्य में 98169 टेस्ट किए गए। आंकड़ों के मुताबिक पटना 2844, गया 1203, पूर्णिया 613, बेगूसराय 786, प. चंपारण से 573, मुजफ्फरपुर 638, नालंदा 881 और समस्तीपुर 500 संक्रमित मिले। इनके अलावा अररिया 219, अरवल 129, औरंगाबाद 436, बांका 249, भागलपुर 443, भोजपुर 138, बक्सर 89, दरभंगा 213, पू. चंपारण 251, गोपालगंज 348, जमुई 305, जहानाबाद 177, कैमूर 131, कटिहार 280, खगडिय़ा 270, किशनगंज 162, लखीसराय 178, मधेपुरा 346, मधुबनी 490, मुंगेर 191, नवादा 150, रोहतास 274, सहरसा 328, सारण 457, शेखपुरा 151, शिवहर 71, सीतामढ़ी 150, सिवान 406, सुपौल 391, वैशाली 315 संक्रमित मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में जहां एक ओर नए संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर लोग तेजी से स्वस्थ भी हो रहे हैं। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमित रहे 11194 लोग स्वस्थ भी हुए। विगत एक वर्ष में 4,70,317 पॉजिटिव राज्य में मिल चुके हैं, इनमें से अब तक 362356 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं। राज्य में वर्तमान स्वास्थ्य दर 77.05 है।
सीएम के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक
पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। राज्य कैबिनेट की बैठक शुक्रवार को जैसे ही समाप्त हुई कि मुख्यमंत्री को अरुण कुमार सिंह के निधन की सूचना मिली। कैबिनेट की बैठक में मुख्य सचिव के निधन पर शोक व्यक्त किया गया और एक मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- नवादा मंडल कारा के वृद्ध बंदी की कोरोना से मौत, गांजा के साथ दस दिन पूर्व पकड़ा था पुलिस ने