बिहार कांग्रेस में घमासान: कौकब कादरी को नेताओं की चेतावनी- मत भूलिए औकात
बिहार कांग्रेस में मचे घमासान के बीच पार्टी नेताओं ने कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी को चेतावनी देते हुए याद दिलाया है कि वे पार्टी के स्थायी अध्यक्ष नहीं हैं।
पटना [राज्य ब्यूरो]। कांग्रेस के नए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी द्वारा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी को प्रायश्चित करने की सलाह दिए जाने पर पार्टी के विधान पार्षद दिलीप चौधरी व प्रदेश प्रवक्ता विनोद सिंह यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। दोनों नेताओं ने कौकब कादरी को याद दिलाया कि फिलहाल वे महज कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हैं और उनका यह अहंकार समझ से परे है।
चौधरी व यादव ने कहा कि कादरी जी कांग्रेस के ऐसे नेता हैं जो दूसरे दल से कांग्रेस में आए हैं और सीपी जोशी के आशीर्वाद से कार्यकारी व्यवस्था के तहत प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। कादरी अभी कांग्रेस का मोहरा भर हैंं। इसलिए ज्यादा व्याकुल होने की जरूरत नहीं है। उन्हें खुद को संभाल कर रखना चाहिए।
बता दें कि कादरी ने प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी को प्रायश्चित करने की सलाह दी थी।
दिलीप चौधरी व विनोद यादव ने कादरी से पूछा है कि अशोक चौधरी को किस बात के लिए प्रायश्चित करना चाहिए? क्या पंचायत स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने के लिए या फिर बिहार विधानसभा में कांग्रेस को चार से 27 सीट दिलाने के लिए?