BRICS में भारत की बढ़ी धमक, UNSC में स्थायी सदस्यता से लेकर सत्तू-मखाना तक; सम्राट चौधरी ने PM मोदी को दिया श्रेय
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई दी है, ...और पढ़ें

सीएम सम्राट चौधरी ने पीएम नरेन्द्र मोदी को दी बधाई। फाइल
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलता पर पीएम मोदी को बधाई दी।
सत्तू और मखाना को वैश्विक मंच पर विशिष्ट पहचान मिली।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन हुआ।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई और धन्यवाद दिया है।
सम्मेलन में 'नई दिल्ली घोषणापत्र' पर सभी सदस्य देशों के बीच बनी वैश्विक सहमति को मुख्यमंत्री ने भारत के बढ़ते कूटनीतिक प्रभाव की एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
रविवार को बयान जारी कर कहा कि आज दुनिया मोदी के नेतृत्व में एक शक्तिशाली भारत का उदय देख रही है, जो वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच दुनिया को दिशा देने और साझा समाधान प्रस्तुत करने वाली एक बड़ी शक्ति के रूप में उभरा है।
सत्तू और मखाना को अंतर्राष्ट्रीय पहचान
मुख्यमंत्री ने बिहार के पारंपरिक खाद्य पदार्थों सत्तू और मखाना को वैश्विक मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में ब्रिक्स देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत और ब्राजील की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया है।
इससे वैश्विक शासन व्यवस्था में विकासशील देशों और 'ग्लोबल साउथ' की आवाज को नई ताकत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा का स्वागत किया।
आतंकवाद पर कार्रवाई समय की मांग
उन्होंने कहा कि आतंकवाद की फंडिंग, सीमा पार आवाजाही और आतंकियों को सुरक्षित पनाहगाह देने वालों के खिलाफ निर्णायक वैश्विक कार्रवाई समय की मांग है।
सम्मेलन में आपूर्ति शृंखला में व्यवधान, एकतरफा प्रतिबंधों पर चिंता, और विश्व व्यापार संगठन (WTO) में सुधारों पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और क्वांटम तकनीक जैसे क्षेत्रों में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है, जिससे विकासशील देशों को सीधा लाभ होगा।
यह भी पढ़ें- BRICS में बिहार का मखाना-सत्तू छाया, सम्राट चौधरी ने PM मोदी को दी बधाई; BJP-JDU नेताओं ने कही ये बात
