विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRICS में बिहार का मखाना-सत्तू छाया, सम्राट चौधरी ने PM मोदी को दी बधाई; BJP-JDU नेताओं ने कही ये बात

Published: Sun, 13 Sep 2026 12:01 PM (IST)

बिहार के नेताओं ने BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के सफल आयोजन और नई दिल्ली घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है।

HighLights

  1. BRICS शिखर सम्मेलन की सफलता पर बिहार के नेताओं ने पीएम मोदी को सराहा।

  2. पहलगाम आतंकी हमले की निंदा BRICS घोषणापत्र में शामिल, बड़ी उपलब्धि।

  3. आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को BRICS मंच पर समर्थन मिला।

डिजिटल डेस्क, पटना। BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के सफल आयोजन और नई दिल्ली घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा को लेकर बिहार के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत भाजपा और जदयू के नेताओं ने सम्मेलन को भारत की कूटनीतिक सफलता बताया। नेताओं ने कहा कि BRICS मंच पर आतंकवाद के खिलाफ भारत की आवाज को व्यापक समर्थन मिला है।

सम्राट चौधरी बोले- दुनिया ने माना आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख

पटना में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने BRICS के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में 11 देशों का सहयोग मिला और आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को दुनिया ने भी स्वीकार किया है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बिहार के मखाना और सत्तू का जिक्र करते हुए कहा कि BRICS के मंच के जरिए इन दोनों उत्पादों को दुनिया के मानचित्र पर स्थान मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है और देश इसी तरह तेज गति से आगे बढ़ता रहेगा।

रविशंकर प्रसाद ने बताया ऐतिहासिक सफलता

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने BRICS सम्मेलन को ऐतिहासिक सफलता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अगुआई में भारत BRICS की अध्यक्षता कर रहा है।

उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें BRICS की अर्थव्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की गई।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि चीन की ओर से भी भारत के साथ दोस्ती का नया हाथ बढ़ाया गया है। उनके अनुसार सम्मेलन ने वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को और मजबूत किया है।

जनार्दन सिंह सिग्रीवाल बोले- दुनिया में बढ़ी भारत की साख

भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि BRICS शिखर सम्मेलन से पूरी दुनिया में भारत की साख बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत ने दुनिया के सामने जो आवाज उठाई, उस पर BRICS देशों की ओर से भी सहमति दिखाई गई। उन्होंने कहा कि BRICS सम्मेलन से वैश्विक स्तर पर एक नया आयाम शुरू हुआ है।

पहलगाम हमले की निंदा को बताया बड़ी उपलब्धि

जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि पहलगाम में निर्दोष और निहत्थे लोगों पर हमला हुआ था। भारत ने इसके खिलाफ आवाज उठाई और BRICS के सदस्य देशों ने भी इसकी निंदा की।

उन्होंने कहा कि इससे आतंकवादियों के खिलाफ एक कठोर संदेश गया है।

जदयू ने ग्लोबल साउथ के लिए BRICS को बताया अहम

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि BRICS सम्मेलन में संयुक्त घोषणा के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने पहलगाम नरसंहार की घोषणा पत्र में कठोर शब्दों में निंदा को अहम बताया।

उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के लिए BRICS एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और सम्मेलन के फैसलों का व्यापक असर देखने को मिलेगा।

रामकृपाल यादव बोले- 26 लोगों की मौत थी बेहद दर्दनाक

बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा को BRICS सम्मेलन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल बताया।

उन्होंने कहा कि पहलगाम में 26 लोगों की जान चली गई थी, जो बेहद दर्दनाक और चिंताजनक घटना थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर इस घटना को वैश्विक मंच पर उठाया गया और सभी देशों ने एक स्वर में इसकी निंदा की। रामकृपाल यादव ने इसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सफलता बताया।

श्याम रजक ने मोदी की कूटनीति को सराहा

जदयू विधायक श्याम रजक ने BRICS सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल प्रबंधन और कूटनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भारत जिस संकट से गुजर रहा है, उस पर BRICS देशों ने मजबूती के साथ भारत का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जारी संयुक्त और मजबूत बयान प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीतिक क्षमता को दर्शाता है। इससे देशवासियों को गर्व महसूस हुआ है।