12 लाख लोग जा रहे बाहर मजदूरी करने, अब बिहार में लगेंगे 10 हजार उद्योग; CM सम्राट ने बताया लक्ष्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम के शुभारंभ पर घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में बिहार में 10 हजार उद्योग स्थापित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी देखते सीएम सम्राट चौधरी।
जागरण संवाददाता, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि राज्य के बाहर प्रदेश के 12 लाख लोग मजदूरी करने के लिए जा रहे हैं।
हमलोगों का लक्ष्य है कि बिहार के बाहर कोई मजदूरी करने न जाए, इसके लिए उद्योगों और उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम का सीएम ने किया शुभारंभ
प्रदेश में अब तक करीब एक हजार उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है। अगले पांच वर्षों में 10 हजार उद्योगों को राज्य में स्थापित करने का लक्ष्य है।
सीएम तारामंडल में सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, सांसद डा. संजय जायसवाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज की प्रदेश संयोजक डा. अमृता भूषण राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति, युवा उद्यमी उपस्थित थे।

(मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरूआत में 'श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी कार रैली के तहत 25 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।)
तकनीक और उद्यमिता की भूमिका पर डाला प्रकाश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा में सेवा, नवाचार, तकनीक और उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य की युवा शक्ति और बड़ी आबादी को चुनौती नहीं, बल्कि विकास की ताकत बनाकर बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
सीएम ने कहा कि हमारे युवा उद्यमी नए स्टार्टअप के साथ बिहार की दिशा बदल सकते हैं। राज्य सरकार उनके प्रयासों को हरसंभव सहयोग देगी।
तकनीक के माध्यम से आम लोगों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
हमलोगों ने बाढ़ प्रभावित नौ लाख परिवारों को डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है और सीधे उनके खाते में राशि हस्तांतरित की गई है।
UPI का सबसे ज्यादा प्रयोग भारत में
सरकार आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी सुविधाओं के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
यूपीआई का प्रयोग पूरे विश्व में सबसे ज्यादा हमारे देश में होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है।
700 सरस्वती विद्या निकेतन माडल स्कूल स्थापित किए गए हैं। विद्यार्थी साथी एप के माध्यम से लाइव क्लास और नीट-जेईई की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
युवाओं और विद्यार्थियों के लिए 24×7 आनलाइन ट्यूटर एवं मेंटरशिप की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर पर बिहार CM सम्राट बोले- अपराधी किसी जाति, वर्ग और धर्म का हो पुलिस को चुनौती नहीं दे सकता
