भरत तिवारी एनकाउंटर पर बिहार CM सम्राट बोले- अपराधी किसी जाति, वर्ग और धर्म का हो पुलिस को चुनौती नहीं दे सकता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस की चूक स्वीकार की है। न्यायिक जांच के बाद दोषियों ...और पढ़ें

सरकार किसी तरह का भेदभाव नहीं करेगी
HighLights
CM सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी एनकाउंटर में पुलिस चूक स्वीकार की।
न्यायिक जांच आयोग गठित हुआ, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सरकार ने मृतक के परिजनों को सहायता देने की बात कही।
राज्य ब्यूरो,पटना। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस की चूक स्वीकार की है। एक निजी चैनल के कार्यक्रम में शुक्रवार को उन्होंने कहा कि मामले में पहली नजर में पुलिस की चूक सामने आने के बाद न्यायिक जांच आयोग का गठन किया गया था।
प्रारंभिक अनुशंसा के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। इस मामले में सरकार की ओर से मृतक के स्वजनों को सहायता दिए जाने की बात भी सामने आई है।
CM बोले- पुलिस से चूक हुई, दोषियों पर हुई कार्रवाई
सम्राट चौधरी ने कहा कि घटना के 48 घंटे के भीतर न्यायिक कमेटी गठित कर दी गई थी। कमेटी की रिपोर्ट में पुलिस की चूक सामने आई, जिसके बाद संबंधित दोषियों पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि कानून का राज ही सुशासन का मूल मंत्र है और सरकार इसी आधार पर काम कर रही है।
‘अपराधी किसी जाति, वर्ग और धर्म का हो...’
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अपराधी किसी जाति, वर्ग या धर्म का हो, वह पुलिस को चुनौती नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अपराधियों को उनके मामलों में जल्द से जल्द सजा मिले। उनके मुताबिक, कानून व्यवस्था के मामले में सरकार किसी तरह का भेदभाव नहीं करेगी।
भरत तिवारी मामले में जांच के बाद सामने आई चूक
भरत तिवारी की मौत के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठे थे। बिहार सरकार ने मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने का फैसला लिया था। इसके लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अगुवाई में जांच की घोषणा की गई थी।
नीतीश की सलाह को बताया प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एनडीए के सभी दलों के समन्वय से सरकार जनता की सेवा कर रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सलाह को प्राथमिकता देने की बात कही।
साथ ही कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में बिजली, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में हुए काम को आगे बढ़ाया जा रहा है।
2030 तक ऐसा बिहार बनाने का दावा
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2030 तक ऐसा बिहार बनाना है, जहां राज्य के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
बांकीपुर हार पर बोले- हो सकता है फैसला गलत रहा हो
बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संभव है कि पार्टी का कोई निर्णय गलत रहा हो।
हालांकि उन्होंने इसे सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह मानने से इनकार किया। प्रशांत किशोर से किसी व्यक्तिगत लड़ाई से भी उन्होंने इनकार किया।
‘एक सीट कम होने से कोई फर्क नहीं पड़ता’
सम्राट चौधरी ने 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की 243 में से 202 सीटों पर जीत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक सीट कम होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। साथ ही कहा कि भाजपा जाति आधारित राजनीति नहीं करती।
बाढ़ पर सरकार के प्रबंधन का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने इस साल आई भीषण बाढ़ का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कुशल प्रबंधन से नुकसान को कम करने का सफल प्रयास किया गया। सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का मूल फोकस कानून का राज और जनता की सेवा पर है।
