Bihar Jobs 2025: बिहार में जल्द निकलने वाली है बंपर भर्ती, CM नीतीश कुमार ने कर दिया एलान
बिहार में बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरियों की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने मंगलवार को कहा कि विभागों में रिक्त पदों को चिह्नित किया जा रहा है। 6837 नवनियुक्त कनीय अभियंताओं और अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नवनियुक्त लोग अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक ढंग से करें।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने मंगलवार को कहा कि सरकारी दफ्तरों में बड़े पैमाने पर बहाली (Bihar Jobs 2025) की तैयारी चल रही है। विभागों में रिक्त पड़े पदों को चिह्नित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष में 6837 नवनियुक्त कनीय अभियंताओं और अनुदेशकों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में उन्होंने यह बात कही।
कुल 6341 कनीय अभियंताओ तथा श्रम संसाधन विभाग के अधीन 496 अनुदेशकों की नियुक्ति हुई है। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से 10 नवनियुक्त कनीय अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वह सभी नवनियुक्त लोगों से यही अपेक्षा करेंगे कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक ढंग से करें।
इस तरह मिली है नौकरी
- योजना एवं विकास विभाग- 2338 कनीय अभियंता
- ग्रामीण कार्य विभाग- 1273 कनीय अभियंता
- पथ निर्माण विभाग- 759 कनीय अभियंता
- लघु जल संसाधन विभाग- 530 कनीय अभियंता
- लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग- 484 कनीय अभियंता
- भवन निर्माण विभाग- 430 कनीय अभियंता
- नगर विकास एवं आवास विभाग- 49 कनीय अभियंता
बिहार को बढ़ाने में केंद्र का भी मिल रहा सहयाेग
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पुन: बिहार के सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं। वहां कि समस्याओं और जरूरतों से अवगत हो रहे। जिन समस्याओं और जरूरतों की जानकारी मिल रही उनका यथाशीघ्र निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 के पहले बिहार की स्थिति काफी दयनीय थी। इससे सभी भली-भांति अवगत हैं। हमलोग आरंभ से बिहार को आगे बढ़ाने में लगे हैं। केंद्र सरकार का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।
कार्यक्रम में कौन-कौन मौजूद रहा?
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, नगर विकास एवं आवास मंत्री नितिन नवीन, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, पंचायती राज मंत्री केदार गुप्ता, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डा. एस सिद्धार्थ, सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि व विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह भी मौजूद थे।
जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में स्वागत संबोधन किया। वहीं श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
ये भी पढ़ें- Bihar Jobs: सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी के बाद 6341 जूनियर इंजीनियर्स को मिली नौकरी, CM ने दिया नियुक्ति पत्र
ये भी पढ़ें- Bihar News: 'पुलिस ने बहुत मार मारा सर', तेजस्वी के सामने दहाड़ मारकर रोने लगे मौलाना; बताई दर्दनाक आपबीती
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।