विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 4 लाख सालाना आय वाले मिलेगा मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का लाभ, स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की घोषणा

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:13 PM (GMT+05:30)

बिहार सरकार मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख से बढ़ाकर 4 लाख रुपये करेगी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर भी जोर दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर जोर

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर जोर

HighLights

  1. आय सीमा 2.50 लाख से बढ़ाकर 4 लाख रुपये हुई।

  2. जिला अस्पतालों में 76 प्रकार की सर्जरी की सुविधा।

  3. मुफ्त दवा वितरण में बिहार लगातार 26वें महीने प्रथम।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत योजना का लाभ लेने के लिए वार्षिक आय की सीमा 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर चार लाख रुपये की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के सभागार में हुई समीक्षा बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी।

बैठक में पिछले छह माह के दौरान विभागीय कार्यों, योजनाओं, परियोजनाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुचारु और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर जोर

समीक्षा बैठक में राज्य के स्वास्थ्य आधारभूत ढांचे के विस्तार, जिला अस्पतालों में सर्जरी और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने, मानव संसाधन की उपलब्धता, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति तथा आधुनिक तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को इन सभी क्षेत्रों में तेजी से काम करने का निर्देश दिया।

अत्याधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं होंगी विकसित

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि राज्य में मजबूत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास, अत्याधुनिक तकनीक आधारित जांच एवं उपचार पद्धतियों का विस्तार और पर्याप्त मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ आम लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

जिला अस्पतालों में 76 प्रकार की सर्जरी की सुविधा

बैठक में जिला अस्पतालों में सातों दिन 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं और 76 प्रकार की सर्जरी की सुविधा विकसित करने की पहल की समीक्षा की गई। इसके तहत जून 2026 में जिला अस्पतालों में 2,428 सर्जरी हुई थीं, जबकि अक्टूबर में यह संख्या बढ़कर 11,643 हो गई। अस्पतालों में सर्जरी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण प्रगति के रूप में प्रस्तुत किया गया।

190 आइसीयू बेड और 120 वेंटिलेटर कार्यरत

वर्तमान में राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 190 आइसीयू बेड और 120 वेंटिलेटर कार्यरत हैं। सर्जरी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से 1,947 चिकित्सा उपकरणों की खरीद और आपूर्ति की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने उपकरणों की उपलब्धता और उनके प्रभावी उपयोग पर ध्यान देने का निर्देश दिया।

94 स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंची डायलिसिस सेवा

बैठक में डायलिसिस सेवाओं का 94 स्वास्थ्य संस्थानों तक विस्तार, निशुल्क पैथोलॉजी जांच, मुख्यमंत्री हीमोफीलिया योजना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने पर जोर दिया गया।

पीएमसीएच और एम्स की परियोजनाओं की भी समीक्षा

इसके साथ ही पीएमसीएच, एलएनजेपी अस्पताल, एम्स पटना और एम्स दरभंगा सहित प्रमुख चिकित्सा संस्थानों की निर्माण एवं विस्तार परियोजनाओं की समीक्षा की गई। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, चिकित्सा उपकरणों की खरीद और सरकारी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

मुफ्त दवा वितरण में बिहार लगातार 26वें महीने पहले स्थान पर

बैठक में सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवा वितरण के क्षेत्र में बिहार की उपलब्धि भी प्रस्तुत की गई। विभाग के अनुसार, बिहार लगातार 26वें महीने इस मामले में देश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित विभाग के सभी शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।