छठ महापर्व की तैयारी तेज, घाटों की सफाई से खुश लोग; सूप बनाकर आमदनी की तैयारी में जुटीं महिलाएं
बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जिसमें घाटों की साफ-सफाई और ...और पढ़ें

HighLights
बिहार में छठ पूजा की तैयारियां, घाटों की सफाई पर जोर।
कैमूर, मधुबनी में प्रशासन के सफाई कार्यों से लोग खुश।
नवादा की महिलाएं छठ के लिए सूप बनाकर कर रहीं कमाई।
डिजिटल डेस्क, पटना/मधुबनी/कैमूर। बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में स्वच्छता और पवित्रता का ध्यान रखते हुए छठ घाटों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। घाटों की सफाई के साथ-साथ नगर निगम क्षेत्र की सड़कों, गलियों एवं आसपास के इलाकों में भी स्वच्छता बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य के विभिन्न जिलों में छठ घाटों की सफाई और रंग-रोगन का काम तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में पटना, मधुबनी, कैमूर, नवादा समेत बिहार के कई जिलों में छठ महापर्व को भव्य और सुविधाजनक बनाने के लिए बिहार सरकार लगातार प्रयास कर रही है। आइए जानते हैं कि बिहार के विभिन्न जिलों में छठ घाटों की सफाई को लेकर आम जनता का क्या कहना है।
कैमूर जिले की आम जनता की जुबानी
कैमूर जिले के स्थानीय लोगों ने बताया कि हमारे गांव का पोखरा पहले काफी गंदा था, लेकिन अब इसकी पूरी तरह से सफाई हो चुकी है। पोखरे का पानी पहले से काफी स्वच्छ हो गया है। अब यहां छठ पूजा के अलावा अन्य त्योहारों का आयोजन भी अच्छे तरीके से किया जा सकता है। इसके साथ ही पशु-पक्षियों को भी स्वच्छ पानी मिल सकेगा। वे यहां पानी पी सकते हैं और नहा भी सकते हैं। पोखरे की सफाई होने से हम सभी काफी खुश हैं।
मधुबनी जिले के आम लोगों की जुबानी
मधुबनी के गोपाल ठाकुर बताते हैं कि जिला प्रशासन ने छठ घाटों और वहां तक जाने वाले रास्तों की अच्छी तरह साफ-सफाई कराई है। इसके लिए मैं जिला प्रशासन को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। छठ महापर्व पर हमारी चाची, दादी, मामी और दीदी सहित परिवार की महिलाएं घाट पर आकर पानी में खड़े होकर अर्घ्य देती हैं। प्रशासन ने उनके लिए रास्तों और घाटों की सफाई कराई है। जिला प्रशासन की पूरी टीम ने बहुत अच्छा काम किया है, ताकि किसी को भी परेशानी न हो। इसके लिए हम सभी की ओर से बहुत-बहुत आभार।
गोपाल ठाकुर की तरह ही अग्रू कुमार बताते हैं कि मैं अपार खुशी के साथ कहना चाहता हूं कि हमारे मधुबनी जिले के अधिकारी और डीएम साहब छठ घाटों की साफ-सफाई करा रहे हैं। जहां-जहां व्रती छठ पूजा कर रही हैं, वहां अधिकारी पूरी लगन से सफाई का काम करवा रहे हैं।
उनकी टीम पूरे परिश्रम के साथ घाटों और व्रतियों के आने-जाने वाले रास्तों की सफाई करा रही है। हम आमतौर पर अपने यहां नहाय-खाय से लेकर काली मंदिर और गंगासागर पोखर तक छठ मनाते हैं। मैं तहे दिल से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी और सभी अधिकारियों को धन्यवाद देता हूं।
नवादा जिले की महिला बना रही हैं सूप
नवादा जिले की रहने वाली रिंकू देवी छठ पूजा के लिए पारंपरिक सूप बनाने का काम कर रही हैं। वह बताती हैं कि अब तक 200 सूप तैयार कर चुकी हैं। इन सूपों को वह छठ पर्व के अवसर पर बेच रही हैं। आगे वह कहती हैं कि छठ महापर्व के दौरान सूप की काफी मांग रहती है, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से की जा रही यह पहल काफी सराहनीय है। इससे न केवल छठ घाटों की सुंदरता बढ़ रही है, बल्कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण भी मिल रहा है। इस तरह की बेहतर व्यवस्था और जनहित में किए जा रहे प्रयासों के लिए हम जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।