विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीतीश के मंत्रियों के बदल गए विभाग: सम्राट की नई टीम में किसी को प्रमोशन, तो किसी की बदली जिम्मेदारी

Published: Thu, 07 May 2026 09:44 PM (IST)

बिहार सरकार में नीतीश कुमार की कैबिनेट के मंत्रालयों का बंटवारा हुआ है, जिसमें कई मंत्रियों के विभाग बदल दिए ...और पढ़ें

बिहार सरकार में मंत्रालयों का बंटवारा

बिहार सरकार में मंत्रालयों का बंटवारा 

HighLights

  1. बिजेंद्र यादव को वित्त एवं वाणिज्यकर विभाग मिला।

  2. रामकृपाल यादव अब कृषि मंत्रालय की कमान संभालेंगे।

  3. नीतीश मिश्रा को शहरी विकास और आईटी विभाग।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार में मंत्रालयों के बंटवारे के साथ ही नीतीश कुमार की कैबिनेट की नई तस्वीर सामने आ गई है। सम्राट चौधरी के साथ बने नए समीकरण में कई मंत्रियों के विभाग बदल दिए गए हैं।

किसी मंत्री को बड़ी जिम्मेदारी देकर प्रमोशन मिला है, तो कई नेताओं के विभाग बदलकर सरकार ने नया संदेश देने की कोशिश की है।

सबसे बड़ा बदलाव बिजेंद्र प्रसाद यादव के विभाग में हुआ है। लंबे समय तक ऊर्जा विभाग संभालने वाले बिजेंद्र अब वित्त एवं वाणिज्यकर विभाग की कमान संभालेंगे। वहीं रामकृपाल यादव को सहकारिता से हटाकर कृषि मंत्रालय दिया गया है।

श्रवण कुमार और विजय चौधरी की जिम्मेदारी बरकरार

जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के विभाग में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि श्रवण कुमार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।

सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की अहम भूमिका अब उनके पास होगी। इसे सरकार की रणनीतिक जिम्मेदारी माना जा रहा है।

नीतीश मिश्रा को मिला बड़ा शहरी विभाग

नीतीश मिश्रा से उद्योग विभाग लेकर उन्हें नगर विकास एवं आवास और सूचना प्रावैधिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। शहरी विकास, स्मार्ट सिटी और आईटी प्रोजेक्ट्स पर अब उनकी सीधी नजर रहेगी।

संजय सिंह टाइगर को श्रम संसाधन विभाग से हटाकर उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग दिया गया है। इसे उनके राजनीतिक कद में बढ़ोतरी के रूप में देखा जा रहा है।

अशोक चौधरी और अरुण शंकर प्रसाद की नई भूमिका

अशोक चौधरी को ग्रामीण कार्य विभाग से हटाकर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। राशन और उपभोक्ता हितों से जुड़े फैसले अब उनके हाथ में होंगे।

वहीं अरुण शंकर प्रसाद को कला संस्कृति विभाग के बदले श्रम संसाधन, युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग दिया गया है। सरकार रोजगार और स्किल डेवलपमेंट पर खास फोकस दिखाना चाहती है।

मदन सहनी और शीला कुमारी के विभाग भी बदले

मदन सहनी को समाज कल्याण विभाग से हटाकर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग सौंपा गया है। शराबबंदी कानून के अमल में अब उनकी अहम भूमिका होगी।

शीला कुमारी को परिवहन विभाग से हटाकर विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। तकनीकी शिक्षा और विज्ञान से जुड़े फैसलों में अब वे अहम भूमिका निभाएंगी।

लेशी सिंह को भवन निर्माण, प्रमोद कुमार को खान विभाग

लेशी सिंह को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से हटाकर भवन निर्माण विभाग दिया गया है। राज्य की निर्माण परियोजनाओं की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी।

डॉ. प्रमोद कुमार को सहकारिता विभाग से हटाकर खान एवं भूतत्व और कला संस्कृति विभाग दिया गया है।

नई कैबिनेट में विभागों के इस फेरबदल को राजनीतिक संतुलन, प्रशासनिक अनुभव और आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बिहार में बंट गए मंत्रालय: सम्राट ने निशांत को स्वास्थ्य और विजय को कृषि, मिथिलेश को मिली शिक्षा की कमान