Move to Jagran APP

Bihar By-Election: कुशेश्‍वरस्‍थान और तारापुर में थमा प्रचार चुनाव, अब घर-घर जाकर करेंगे मनुहार

Bihar Assembly By-Election विधानसभा उपचुनाव वाले दोनों क्षेत्रों से बाहर हुए स्टार प्रचारक। कुशेश्वरस्थान और तारापुर में अब स्थानीय कार्यकर्ताओं पर टिका पार्टियों का दारोमदार। अगले 72 घंटे स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका भी काफी अहम रहेगी। 30 अक्‍टूबर को है मतदान।

By Vyas ChandraEdited By: Published: Wed, 27 Oct 2021 08:52 PM (IST)Updated: Thu, 28 Oct 2021 06:27 AM (IST)
बिहार विधानसभा उपचुनाव का प्रचार थमा। सांकेतिक तस्‍वीर

पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Assembly By-Election: बिहार में विधानसभा के लिए दो सीटों तारापुर और कुशेश्वरस्थान में 30 अक्टूबर को होने वाले उप चुनाव का शोर बुधवार की शाम थम गया। चुनाव आयोग के निर्देश पर दोनों क्षेत्रों से दलों के स्टार प्रचारक भी लौट गए। अब गुरुवार और शुक्रवार को प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से विजयश्री का आशीर्वाद मांगेंगे। अगले 72 घंटे स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका भी काफी अहम रहेगी। ऐसी स्थिति में प्रत्याशी के साथ दलों के दिग्गज नेताओं की नजरें भी स्थानीय कार्यकर्ताओं पर टिकी रहेंगी। पार्टियों की ओर से कार्यकर्ताओं की भूमिका की मानीटरिंग शुरू हो गई है। 

loksabha election banner

48 की जगह 72 घंटे पहले थमा प्रचार 

आयोग ने कोरोना प्रोटोकाल को ध्यान रखते हुए 48 की जगह 72 घंटे पहले चुनाव प्रचार और सभा पर रोक लगाने का निर्णय किया है। मतदान को लेकर पर्याप्त संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शनिवार को सुबह सात बजे से दोपहर चार बजे तक कराया जाएगा। तारापुर में आठ और कुशेश्वरस्थान में नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीइओ) कार्यालय के अनुसार शनिवार को होने वाले दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 716 मतदान केंद्रों की स्थापना की गई है।

कुशेश्‍वरस्‍थान में बनाए गए हैं 310 बूथ 

कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र में कुल 310 बूथ बनाए गए हैं। तारापुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए 406 बूथ स्थापित किए गए हैं। कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र में दो लाख 57 हजार 153 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक लाख 35 हजार 178 पुरुष और एक लाख 21 हजार 974 महिला मतदाता शामिल हैं। तारापुर विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख 27 हजार 242 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक लाख 76 हजार पुरुष मतदाता, जबकि एक लाख 51 हजार 234 महिला मतदाता शामिल हैं।

प्रचार का समय समाप्‍त होते ही क्षेत्र से लौटे स्‍टार प्रचारक

जदयू की ओर से स्टार प्रचारक में शामिल प्रदेश अध्यक्ष ललन सिंह और सूचना एवं जनसंपर्क व जल संसाधन मंत्री संजय झा के अलावा अन्य मंत्रियों और नेताओं ने चुनाव क्षेत्र छोड़ दिया। हालांकि सभी दिग्गजों की नजर टिकी हुई है। वहीं, स्थानीय और क्षेत्र के मतदाता होने के कारण पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी तारापुर में डटे हुए हैं, लेकिन उन्होंने प्रचार से दूरी बना ली है। इसी तरह भाजपा की ओर से पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने चुनाव क्षेत्र छोड़ दी है। राजद, कांग्रेस और लोजपा के स्टार प्रचारक भी बाहर हो गए हैं।

पिंक बूथ पर रहेंगी महिला एजेंट

आयोग ने महिलाओं के लिए बनाए गए पिंक बूथ पर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से महिला पोलिंग एजेंट लगाने का अनुरोध किया है। आयोग की ओर से पिंक बूथ पर शतप्रतिशत महिला चुनाव व सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 110 सहायक मतदान केंद्रों को महिलाओं के मतदान के लिए समर्पित किया गया है। विधानसभा चुनाव में महिलाओं को लेकर यह पहली बार प्रयोग किया जा रहा है।  

पिछले चुनावों में मतदान का प्रतिशत

कुशेश्वरस्थान 

वर्ष       कुल मतदान     पुरुष    महिला

2015       51.17        40.81    62.17

2019       60.09        52.81    68.11

2020       54.43        44.47    65.26

तारापुर  

वर्ष       कुल मतदान     पुरुष     महिला

2215    52.66           49.94    55.70

2019    53.26           50.55   56.43

2020    55.08           54.22   55.41


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.