दीपावली-छठ पर BSRTC का तोहफा: बिहार से दिल्ली-यूपी के लिए चलेंगी AC बसें, चेक करें किराया
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम दीपावली और छठ के लिए 5 से 20 नवंबर तक त्योहार स्पेशल बसें चलाएगा। इन ...और पढ़ें

दीपावली-छठ पर BSRTC का तोहफा, बिहार से दिल्ली-यूपी के लिए चलेंगी AC बसें
HighLights
5 से 20 नवंबर तक चलेंगी त्योहार स्पेशल बसें।
यात्रियों को बस किराए में मिलेगी सरकारी सब्सिडी।
1 नवंबर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग होगी शुरू।
जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली और छठ पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) पांच से 20 नवंबर तक त्योहार स्पेशल बसों का परिचालन करेगा।
ये बसें पटना समेत बिहार के प्रमुख शहरों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न शहरों के लिए चलेंगी। यात्रियों को बस किराए में सरकारी सब्सिडी भी मिलेगी। एक नवंबर से निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर टिकट की आनलाइन बुकिंग शुरू होगी।
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने गुरुवार को फुलवारीशरीफ स्थित बीएसआरटीसी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सरकार यात्रियों को किराए में सब्सिडी देगी। बसों के रूट और उनके बीच परिचालन की विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी। सभी बसें एसी और डीलक्स श्रेणी की होंगी।
पटना से दिल्ली का किराया तय
सब्सिडी के बाद पटना से दिल्ली के लिए अलग-अलग श्रेणी की बसों का किराया निर्धारित किया गया है। नॉन एसी बस से सफर करने पर 1182 रुपये, नॉन एसी स्लीपर के लिए 1483 रुपये, एसी सीटर के लिए 1318 रुपये और एसी स्लीपर के लिए 1935 रुपये देने होंगे।
चालकों और संवाहकों को किया गया जागरूक
मंत्री दामोदर रावत डब्ल्यूआरआई इंडिया और सेफ्टी पिन एनजीओ की ओर से निगम के चालकों एवं संवाहकों के लिए आयोजित लैंगिक संवेदनशीलता जागरूकता और क्षमता वर्धन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य बस यात्रा और कार्यस्थल को अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं संवेदनशील बनाना है।
निगम के प्रशासक अतुल वर्मा ने बताया कि इसी तरह का प्रशिक्षण सोमवार को गया और मंगलवार को दरभंगा में भी आयोजित किया गया था।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को लैंगिक संवेदनशीलता, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायत करने की प्रक्रिया और सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।
बीच सड़क पर बस रोकने पर होगी कार्रवाई
प्रशासक ने बताया कि चालकों को निर्धारित बस स्टैंड या सड़क किनारे ही बस रोकने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
बीच सड़क पर बस रोकने से यातायात बाधित होने और दुर्घटना का खतरा रहता है। ऐसा करने वाले निगम के चालकों पर कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
कार्यक्रम में निगम के प्रशासन प्रमुख सुभाष नारायण, डब्ल्यूआरआई इंडिया की मंजू जॉर्ज और अभिषेक महाजन तथा सेफ्टी पिन की श्रुति बत्रा और वरुण वी. नायर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- दीवाली-छठ पर घर जाना हुआ आसान, लुधियाना से चलेंगी बिहार-बंगाल के लिए 4 स्पेशल ट्रेनें
यह भी पढ़ें- भागलपुर से कटिहार के लिए तीन ट्रेनें, ध्यान दें शाम वाली ट्रेन से अगर आप यात्रा करते हैं, तो आधी रात को पहुंचेंगे
