बिहार बोर्ड 12वीं Toppers: पनीर बेचते हैं टॉपर आयुषी के पिता, मैट्रिक में किया था जिला टॉप
वाणिज्य कला और विज्ञान तीनों ही संकायों में बेटियों ने बाजी मारी है। सूबे की तीनों संकाय की टॉपर बेटियां- विज्ञान वर्ग की आयुषी नंदन खगड़िया से वाणिज्य संकाय की सौम्या शर्मा औरंगाबाद से और कला संकाय की मोहद्दिसे पूर्णिया जिले से हैं।
जागरण डिजिटल डेस्क, पटना: बिहार बोर्ड 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। वाणिज्य, कला और विज्ञान तीनों ही संकायों में बेटियों ने बाजी मारी है। सूबे की तीनों संकाय की टॉपर बेटियां- विज्ञान वर्ग की आयुषी नंदन खगड़िया से, वाणिज्य संकाय की सौम्या शर्मा और रजनीश कुमार पाठक औरंगाबाद से और कला संकाय की मोहद्दिसे पूर्णिया जिले से हैं। वाणिज्य संकाय में सौम्या और रजनीश दोनों ने समान अंक हासिल किए हैं।
खगड़िया जिले की आयुषी नंदन ने 12वीं में साइंस से सूबे में टॉप किया है। आयुषी खगड़िया के आर लाल कॉलेज की छात्रा हैं। आयुषी नंदन खगड़िया जिले के मानसी नगर पंचायत क्षेत्र के मटिहानी वार्ड नंबर-5 की रहने वाली है।
आयुषी नंदन को मिठाई खिलाती मां अमीषा। पास में फोन पर बात करते पिता सर्वेश कुमार सुमन।
इससे पहले, साल 2021 में आयुषी मैट्रिक की परीक्षा में सूबे में नौवां रैंक लाई थी। वहीं मैट्रिक में जिले की टॉपर रही थीं। आयुषी ने मैट्रिक यानी 10वीं की पढ़ाई जनता हाई स्कूल से की। आयुषी का सपना आईएएस अधिकारी बनना है और वे लक्ष्य की ओर मेहनत से बढ़ रही हैं।
बता दें कि आयुषी नंदन के पिता सर्वेश कुमार सुमन पेशे से किसान हैं और पनीर का कारोबार करते हैं। मां अमीषा कुमारी गृहिणी है। आयुषी के माता-पिता बेटी की सफलता से बेहद खुश हैं। वे आयुषी की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत को देते हैं।