दो महीने में बिहार के मतदाताओं तक पहुंचेगी भाजपा
भाजपा ने विधानसभा चुनाव में मिले 1.30 करोड़ मतों के लिए राज्य के मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए उनसे और भी निकट का संबंध बनाने का निर्णय किया है। इसके तहत राज्य में दो महीने तक सघन कार्यक्रम होगा।
पटना। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में मिले 1.30 करोड़ मतों के लिए राज्य के मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए उनसे और भी निकट का संबंध बनाने का निर्णय किया है। इसके तहत राज्य में दो महीने तक सघन कार्यक्रम होगा।
एक दिसम्बर से पूरे प्रदेश में सक्रिय सदस्यता अभियान शुरू होगा। पार्टी ने विश्व हिन्दू परिषद के संस्थापक अशोक सिंघल के निधन पर शोकसभा का भी आयोजन किया।
पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की रविवार को हुई समीक्षा बैठक में उपरोक्त निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने की। बैठक में पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकिशोर यादव, संगठन महामंत्री नागेंद्र जी, प्रदेश सह संगठन मंत्री शिव नारायण जी आदि उपस्थित थे।
बैठक में कहा गया कि जनता ही भाजपा की ताकत है और कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़। इन दोनों के बीच तारतम्य बनाकर पार्टी जनता के बीच मजबूती के साथ रहेगी। जन उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी तैयारी रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने बताया कि भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेदकर की पुण्यतिथि के अवसर पर छह दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में समारोह का आयोजन किया जाएगा। पार्टी की गतिविधियों को तेज करने के लिए 10 से 15 दिसंबर तक जिलों में बैठक और 16 से 22 दिसंबर तक मंडल स्तरीय बैठकें होंगी, जिसमें सभी पंचायत अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन पूरे बिहार में हर्षोल्लास के साथ 25 से 30 दिसंबर के बीच मनाया जाएगा। इसी प्रकार जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर 5 से 23 जनवरी 2016 तक प्रखंडों में और 24 जनवरी 2016 को राजधानी पटना में समारोह का आयोजन किया जाएगा। पांडेय ने बताया कि 23 फरवरी 2016 को संत रविदास की जयंती मनाई जाएगी।