कोरोना के मामले में कांग्रेस की भाषा पाकिस्तान जैसी, बोली भाजपा; वैक्सीन बर्बाद करने का लगाया आरोप
Bihar Politics टूलकिट के जरिए कांग्रेस पार्टी ने भारत को पूरी दुनिया में बदनाम करने की जो साजिश रची थी उसके परिणाम सामने आने लगे हैं। कोरोना वायरस को इंडियन वेरिएंट बताने के लिए चल रही कांग्रेसी की इस मुहिम को पाकिस्तान ने सहारा दिया है।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: टूलकिट के जरिए कांग्रेस पार्टी ने भारत को पूरी दुनिया में बदनाम करने की जो साजिश रची थी, उसके परिणाम सामने आने लगे हैं। कोरोना वायरस को इंडियन वेरिएंट बताने के लिए चल रही कांग्रेसी की इस मुहिम को पाकिस्तान ने सहारा दिया है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए ये आरोप जड़े हैं। दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार देश में वैक्सीन की किल्लत दूर करने में लगी है तो कांग्रेस की सरकारें वैक्सीन को बर्बाद करने में लगी हैं। उन्होंने कांग्रेस के शासन वाले राज्यों में वैक्सीन को यूंही फेंके जाने की खबरों की तरफ इशारा किया।
भाजपा का लक्ष्य वैक्सीनों का निर्माण, कांग्रेस का वैक्सीन विनाश : जायसवाल
कांग्रेस शासित राज्यों में वैक्सीनों की हो रही बर्बादी पर अफसोस जाहिर करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि ऐसा कहा जाता है कि सत्ता से दूर रहने वाली कांग्रेस, सत्ता में रहने वाली कांग्रेस से कहीं ज्यादा खतरनाक होती है। आज कोरोना आपदा के इस दौर में अपनी ओछी राजनीति से कांग्रेस इस कहावत को पूरी तरह चरितार्थ कर रही है। यह इनके मानसिक दिवालियेपन का ही सबूत है एक तरफ इनके नेता रोजाना वैक्सीनों की कमी का रोना रोते हैं लेकिन दूसरी तरफ इनके ही शासित राज्य वैक्सीनों को बर्बाद करने में सबसे आगे हैं।
वैक्सीन के मामले में दुनिया में दूसरे नंबर पर भारत
डॉ. जायसवाल ने वैक्सीनों की कमी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन शिकायत करता है कि दुनिया के 10 राष्ट्रों के पास से 75 फीसद वैक्सीन है और भारत का स्थान पूरे दुनिया में दूसरा है। वहीं पोलियो का वैक्सीन लाने में 30 साल लगा देने वाली यह पार्टी हमसे शिकायत करती है कि भारत में वैक्सीन देरी से लग रही है। इन्हेंं यह तक नहीं पता कि अमेरिका और चीन को पीछे छोड़ते हुए भारत आज वैश्विक स्तर पर सबसे तेज वैक्सीनेशन करने वाला देश बन चुका है। वास्तव में इनके आचरण से ऐसा प्रतीत होता है कि जहां भाजपा का लक्ष्य वैक्सीनों का अधिकाधिक निर्माण है, वहीं कांग्रेस ने इनके विनाश को अपना ध्येय बना लिया है।
राजस्थान में सबसे अधिक वैक्सीन की बर्बादी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान पहले ही कोरोना वैक्सीन के साढ़े 11 लाख डोज बर्बाद कर चुका है और अब वहां कचड़े के डब्बों में वैक्सीनों के फेंके होने की बात आ रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वहां के आठ जिलों के 35 वैक्सीनेशन सेंटरों पर 500 वायल में करीब 2500 से भी ज्यादा डोज तो केवल डस्टबिन में मिले हैं, जिनमें से 500 से अधिक वायल 20-75 फीसद तक भरे हुए थे। इसके अतिरिक्त इनके शासित झारखंड में सबसे अधिक 37.3 प्रतिशत वैक्सीन की बर्बादी होने की बात सामने आयी है, वहीं छत्तीसगढ़ में इन्होने 30.2फीसद वैक्सीन का विनाश कर दिया।
पाकिस्तान से मित्रता के गिनाए उदाहरण
इधर, राजीव रंजन ने कहा कि मोदी विरोध में राष्ट्र विरोधी बनती जा रही कांग्रेस के नेताओं की पाकिस्तान से मित्रता किसी से छुपी नहीं है। इनके नेता सिद्धू की जहां पाकिस्तानी सेनाध्यक्ष के साथ गलबहियां करते और इमरान खान की शान में कसीदे पढने के वीडियो वायरल हुआ वहीं गांधी परिवार के खासमखास कहे जाने वाले मणिशंकर अय्यर तो पाकिस्तान से मोदी सरकार को हटाने में मदद की गुहार भी लगा चुके हैं। इसके अतिरिक्त सॢजकल स्ट्राइक पर सवाल उठा कर कांग्रेस कई बार पाकिस्तान को शॄमदा होने से बचाने की कोशिश भी कर चुकी है। कांग्रेस को बताना चाहिए कि आखिर उनके और पाकिस्तान के बीच का यह रिश्ता क्या है।