मोदी-शाह से सम्राट चौधरी तक…, अब बिहार BJP के इन नेताओं की दाढ़ी पर टिकी नजर; CM पद से क्यों जुड़ा कनेक्शन?
बिहार भाजपा में नेताओं के बीच दाढ़ी रखने का चलन बढ़ रहा है, जिसमें सीएम सम्राट चौधरी, कृषि मंत्री विजय ...और पढ़ें
-1794543331490_m.webp)
जनक सिंह, विजय कुमार सिन्हा और रत्नेश कुमार का बदला लुक। फाइल
HighLights
बिहार भाजपा नेताओं में दाढ़ी रखने का नया चलन देखा जा रहा है।
कृषि मंत्री विजय सिन्हा की दाढ़ी पर सोशल मीडिया में खूब चर्चा।
यह व्यक्तिगत पसंद या राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
रमण शुक्ला, जागरण, पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों नेताओं के भाषण, बयान और राजनीतिक फैसलों के साथ उनका लुक भी चर्चा बटोर रहा है।
खासकर भाजपा नेताओं के बीच दाढ़ी रखने का अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। सीएम सम्राट चौधरी के साथ ही सत्ता और संगठन से जुड़े कई प्रमुख नेता अब दाढ़ी वाले लुक में नजर आ रहे हैं।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा से लेकर वरिष्ठ विधायक जनक सिंह और पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुमार तक इस बदले अंदाज के प्रमुख चेहरे हैं।
विजय सिन्हा की दाढ़ी ने खींचा ध्यान
इनमें सबसे अधिक चर्चा कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की दाढ़ी को लेकर हो रही है। उनके बदले लुक पर इंटरनेट मीडिया में तरह-तरह की टिप्पणियां और कटाक्ष किए जा रहे हैं।
एक्स पर तो यह भी कहा जा रहा है कि सीएम बनने के लिए दाढ़ी जरूरी है। बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार भी हल्की दाढ़ी रखते हैं।
कुछ लोग इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की शैली से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि, नेताओं के इस अंदाज के पीछे किसी तरह की सामूहिक योजना या राजनीतिक रणनीति की पुष्टि नहीं है।
मोदी-शाह से लेकर सम्राट चौधरी तक दाढ़ी बनी पहचान
राजनीति में नेताओं का पहनावा, हेयर स्टाइल और व्यक्तित्व हमेशा से चर्चा का विषय रहा है। कई बार नेताओं की पहचान उनके काम के साथ-साथ उनके खास लुक से भी बनती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लंबे समय से अपनी विशिष्ट दाढ़ी के कारण चर्चा में रहते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी दाढ़ी वाले अपने अलग अंदाज में नजर आते हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की दाढ़ी भी उनके व्यक्तित्व की पहचान का हिस्सा बन चुकी है। अब बिहार भाजपा के अन्य नेताओं के बीच भी यह अंदाज दिखाई देने लगा है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर भी दाढ़ी वाले लुक में नजर आते हैं।
इनके अलावा कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा के वरिष्ठ विधायक जनक सिंह और रत्नेश कुमार के बदले अंदाज ने इस चर्चा को और बढ़ा दिया है।
विजय सिन्हा के लुक पर इंटरनेट मीडिया में चर्चा
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की दाढ़ी इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी राजनीतिक गतिविधियों के साथ उनके बदले लुक पर भी लोगों की नजर है।
इंटरनेट मीडिया पर उनके लुक को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, जनक सिंह और रत्नेश कुमार भी अपने दाढ़ी वाले अंदाज के कारण इस चर्चा में शामिल हैं।
व्यक्तिगत पसंद भी हो सकती है वजह
हालांकि, भाजपा नेताओं के बीच दाढ़ी रखने के इस चलन को किसी राजनीतिक रणनीति या संगठन के सामूहिक फैसले से जोड़ने का कोई आधार नहीं है।
यह नेताओं की व्यक्तिगत पसंद और व्यक्तित्व से जुड़ा मामला भी हो सकता है। इसके बावजूद यह दिलचस्प है कि बिहार की राजनीति में अब नेताओं के पहनावे और हुलिये पर भी लोगों की नजर है। राजनीतिक गलियारों में दाढ़ी का यह अंदाज चर्चा का नया विषय बन गया है।