यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: विधानसभा अध्यक्ष ने टेबल पलट रहे MLA को समझाया- इस उम्र में गिर जाइएगा तो परेशानी होगी
विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने सदन में हंगामा कर रहे विपक्षी विधायकों पर मजाकिया टिप्पणियां कीं। उन्होंने एक उम्रदराज विधायक ...और पढ़ें

HighLights
- अध्यक्ष ने विधायकों के काले कपड़ों पर कसा तंज
- उम्रदराज विधायक को गिरने से बचने की सलाह
- हंगामे के बीच बोलने का मौका देने की पेशकश
राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने मंगलवार को सदन में हंगामा कर रहे विपक्ष के विधायकों की खूब मौज ली। हुआ यह कि एक उम्रदराज विधायक ने अपना पूरा जोर रिपाेर्टर टेबल को पलटने पर लगाया हुआ था।
विधानसभा अध्यक्ष की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने समझाने वाले अंदाज में कहा- इस उम्र में गिर जाइएगा तो पैर-हाथ टूट जाएगा। बहुत परेशानी होगी। संबंधित विधायक बात को समझ गए और किनारे हो गए। इसके बाद युवा विधायकों ने जोर लगाना शुरू कर दिया।
काले कुर्ते और कमीज में पहुंचे विपक्ष के विधायकों पर चुटकी लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन शुरू होते ही कहा -काले कपड़े में अच्छा नहीं लग रहे आपलोग। कई बार समझाया- क्यों गला खराब कर रहे आप लोग। चुनाव में जाएंगे तो वहां बहुत नारा लगाना पड़ेगा।
इस पर विपक्ष की नारेबाजी और तेज हो गयी। इसी बीच विधानसभा अध्यक्ष ने दूसरा स्टैंड लिया। यह कहा- क्यों परिचय दे रहे जनता के सामने। सभी लोग देख रहे हैं। इसका भी कोई असर नहीं हुआ।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- चलिए हम आपको बोलने का मौका भी देते हैं। आप लोग अपनी सीट पर जाकर बैठ जाइए। कई बार उन्होंने आलोक मेहता को यह बात कही पर बात नहीं बनी। विपक्ष के लोग अध्यक्ष के आसन के सामने नारेबाजी करते रहे।
इस पर आसन की यह टिप्पणी आयी कि आपलोग बोलना नहीं चाहते। केवल हंगामा करना ही आपका उद्देश्य है। कई बार यह पूछा कि क्या चाहते हैं- सदन नहीं चले? फिर दोहराया- मैं अनुमति देता हूं आप अपनी बात रखिए। पर अगर केवल हंगामा करना चाहते हैं तो बात अलग है। यह व्यवहार अच्छा नहीं। जनता सब देख रही है।
