Bihar Assembly Election: शूटर श्रेयसी सिंह मां संग थाम लेंगी लालू की लालटेन! जल्द उठेगा पर्दा
Bihar Assembly Election इंटरनेशनल शूटर श्रेयसी सिंह को लेकर यह बड़ी खबर है। वे आरजेडी के टिकट पर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ सकतीं हैं। इसपर से पर्दा जल्द ही उठेगा।
बांका, जेएनएन। Bihar Assembly Election: इंटरनेशनल शूटर तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह व पूर्व सांसद पुतुल सिंह (Putul Singh) की बेटी श्रेयसी सिंह (Shreyasi Singh) को लेकर यह बड़ी खबर है। उनके राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल होकर लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की लालटेन थामने व विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर से पर्दा जल्द ही उठ जाएगा। मंगलवार को जमुई के गिद्धौर में पुतुल सिंह ने इसपर समर्थकों के साथ बैठक में विचार किया। विदित हो कि बीते कुछ दिनों से यह बात चर्चा में है कि श्रेयसी सिंह मां पुतुल सिंह के साथ आरजेडी के साथ अपनी सियासी पारी शुरू कर सकती हैं।
आरजेडी व बीजेपी के बड़े नेताओं के संपर्क में पुतुल सिंह
बताया जाता है कि समर्थकों संग बाठक को लेकर पूर्व सांसद पुतुल सिंह अपनी बेटी श्रेयसी सिंह के साथ सोमवार को जमुई के गिद्धौर पहुंच गईं। इसके पहले वे दो दिनों तक पटना में रहीं, जहां कई नेताओं से उनकी मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई बड़े नेता भी उनके संपर्क में हैं, जाे पुतुल सिंह व श्रेयसी सिंह को आरजेडी में नहीं जाने के लिए कह रहे हैं। उधर, आरजेडी के बड़े नेता भी उनके संपर्क में हैं। पुतुल सिंह पहले बीजेपी में थीं, लेकिन पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। फिलहाल वे किसी राजनीतिक दल में नहीं हैं।
समर्थकों के साथ बैठक में किया विचार
पुतुल सिंह ने मंगलवार को सभी प्रमुख समर्थकों के साथ जमुई के गिद्धौर आवास पर बैठक की। बैठक में क्या निर्णय लिया गया है, इसकी घोषणा अभी तक नहीं की गई है। पुतुल सिंह ने कहा है कि किसी दल में जाने या चुनाव लड़ने पर फैसला की घोषणा तक उनका नाम किसी दल या गठबंधन से जोड़ना सही नहीं है।
बांका से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ सकतीं श्रेयसी
सूत्रों के अनुसार आरजेडी ने पुतुल सिंह के प्रत्याशियों के लिए दो से तीन सीटें फाइनल कर दी हैं। इनमें बांका लोकसभा की कम से कम दो सीटें शामिल हैं। इन्हीं में एक सीट पर उनके परिवार का कोई सदस्य प्रत्याशी बन सकता है। कयास लगाया जा रहा है कि पुतुल सिंह खुद या बेटी श्रेयसी सिंह को अमरपुर से चुनाव लड़ सकती हैं।