Bihar Assembly Election: लंबे समय बाद CM नीतीश के पक्ष में आए चिराग, विजन डॉक्युमेंट पर RJD ने पूछा- आप फर्स्ट या चाचा?
Bihar Assembly Election सीएम नीतीश पर हमलावार रहे चिराग बाढ़ के मुद्दे पर उनके पक्ष में दिखे। उधर एलजेपी के विजन डॉक्युमेंट बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट पर आरजेडी ने तंज कसा।
पटना, स्टेट ब्यूरो। Bihar Assembly Election: लंबे समय से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) व उनकी सरकार पर हमलावर रहे लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने अब नया टर्न लिया है। चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा है। चिराग ने बाढ़ (Bihar Flood) की चर्चा के क्रम में मुख्यमंत्री की बात की। कहा कि बिहार में बाढ़ की स्थिति चिंताजनक है, लेकिन उन्हें नीतीश कुमार पर भरोसा है। उन्होंने इससे जूझने के उपाय जरूर किए होंगे। उन्हें बाढ़ से जूझने का 15 वर्षों का अनुभव है। चिराग ने पार्टी के अपने विजन डॉक्युमेंट 'बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट' पर भी चर्चा करते पार्टी के लोगों से पांच अगस्त तक सुझाव मांगे। उधर, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने तंज कसा कि बिहार का युवा रोजी-रोटी के लिए परेशान हैं और चिराग बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट की बात कर रहे हैं। आरजेडी ने चिराग से सवाल किया कि पहले आपके चचा (चाचा) नीतीश कुमार फर्स्ट या आप फर्स्ट?
बाढ़ से निबटने के मुद्दे पर सीएम नीतीश के पक्ष में चिराग
चिराग पासवान ने एलजेपी पदाधिकारियों व विधानसभा चुनाव के लड़ने की इच्छा रखने वाले संभावित प्रत्याशियों के साथ वर्चुअल मीटिंग में बिहार के हालात पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति गंभीर है। गंगा का जलस्तर भी बढ़ने की आशंका है। इससे कई और जिले प्रभावित होंगे। चिराग ने आगे कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा हे। उन्हें बाढ़ से निबटने का 15 साल का लंबा अनुभव है। उन्होंने कोई उपाय जरूर किया होगा।
पहले के स्टैंड से हटकर की बात, लग रहे सियासी कयास
चिराग का यह सटैंड उनके बीते कुछ समय के स्टैंड से हटकर है। अभी तक वे राज्य की समस्याओं को लेकर नीतीश सरकार को घेर रहे थे। कोरोना संकट सहित कई मामलों में उन्होंने सरकार की खिंचाई की। ऐसे में अचानक उनके रूख में आए बदलाव के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन पर मांगे सुझाव
चिराग ने अपने बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जो लोग इस बाबत सुझाव देना चाहते हैं, वे पांच अगस्त तक दे दें। अपने विजन को समझाते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कोटा में पढ़ने जानेवाले बच्चे और शिक्षक दोनों बिहारी हैं, लेकिन व्यवस्था राजस्थानी है। बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट का लक्ष्य इस व्यवस्था को बिहार में उपलब्ध कराने का है। विदित हो कि चिराग पासवान ने कहा है कि एलजेपी जल्द ही बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट पर एक विजन विजन डॉक्युमेंट जारी कर सकती है, जो राज्य के विकास व कानून व्यवस्था में सुधार से लेकर बाढ़ से निपटने के ररोड मैप से लेकर अप्रवासी बिहारियों के हितों तक से जुड़ा होगा।
बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन को ले आरजेडी हमलावर
उधर, चिराग के बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन को लेकर आरजेडी हमलावर है। आरजेडी दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल साधु पासवान ने चिराग कहा है कि चिराग पासवान पांच वर्ष पूर्व किए अपने वादो को याद करें और बताएं कि वे क्यों पूरे नहीं हुए। बिहार का युवा रोजी-रोटी के लिए परेशान हैं, वे पलायन कर रहे हैं। दूसरी ओर चिराग 'बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट' की बात कर रहे हैं। अनिल साधु ने तंज कसते हुए इसे चिराग का जुमला बताया तथा कहा कि वे पहले यह बताएं कि पहले चिराग के चाचा (नीतीश कुमार) फर्स्ट या चिराग पासवान फर्स्ट?