Move to Jagran APP

बिहार में भाजपा ने सजाई चुनाव प्रचार की फील्डिंग, मैदान में एड़ी-चोटी एक करते दिखेंगे ये दिग्गज

अगले हफ्ते भर बिहार भाजपा के दिग्गज दोनों विधानसभा क्षेत्र में पसीना बहाते नजर आएंगे। जदयू विधायकों की असामयिक निधन से दोनों ही सीटों पर उप चुनाव हो रहा है और वहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Wed, 20 Oct 2021 10:49 PM (IST)Updated: Thu, 21 Oct 2021 06:40 AM (IST)
बिहार में भाजपा ने सजाई चुनाव प्रचार की फील्डिंग, मैदान में एड़ी-चोटी एक करते दिखेंगे ये दिग्गज
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव चिह्न।

रमण शुक्ला, पटना : बिहार विधानसभा की दो सीटों (तारापुर और कुशेश्वरस्थान) पर हो रहे उप चुनाव के लिए भाजपा ने मंत्रियों से लेकर पार्टी के दिग्गज नेताओं की फील्डिंग सजा दी है। अगले हफ्ते भर बिहार भाजपा के दिग्गज दोनों विधानसभा क्षेत्र में पसीना बहाते नजर आएंगे। जदयू विधायकों की असामयिक निधन से दोनों ही सीटों पर उप चुनाव हो रहा है और वहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। 2020 के विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी दोनों क्षेत्रों में जदयू के उम्मीदवार हैं और बिहार राजग का प्रमुख घटक होने के नाते भाजपा उनकी जीत सुनिश्चित कराने में एड़ी-चोटी एक किए हुए है। 

loksabha election banner

तारापुर में जदयू उम्मीदवार राजीव सिंह के मुकाबले राजद ने अरुण साह को मैदान में उतार रखा है। वे अति पिछड़ा वर्ग में तेली समुदाय से आते हैं। जातीय समीकरण के तहत वहां भाजपा की ओर से वैश्य समाज में कलवार बिरादरी से आने वाले उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, विधि एवं गन्ना उद्योग मंत्री प्रमोद कुमार और पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल ने मोर्चा संभाल रखा है। वहीं, भाजपा संगठन की ओर से प्रदेश महामंत्री सुशील चौधरी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समाजिक समीकरण चुस्त-दुरुस्त करने में जुटे हैं। तारापुर में पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी की प्रतिष्ठा दांव पर है। कभी उनके परिवार से इस सीट की पहचान जुड़ी हुई थी। ऐसे में सम्राट राजग प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने में एड़ी-चोटी की जोर लगाए हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री व पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय भी वहां नामांकन के समय से सक्रिय हैं। वे 24 से 26 अक्टूबर तक वहां राजग उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

देवेश को कुशेश्वरस्थान की कमान

भाजपा ने राजग प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश महामंत्री व विधान पार्षद देवेश कुमार को कुशेश्वरस्थान में पार्टी की ओर से चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी है। देवेश के नेतृत्व में कुशेश्वरस्थान में दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर, मधुबनी के सांसद अशोक यादव के अलावा कई वरिष्ठ नेता कैंप कर रहे हैैं। पार्टी ने कई नेताओं को दौरे करने और नुक्कड़ सभा का टास्क थमाया है।

तारापुर में 24 को सुशील मोदी करेंगे रोड-शो

पूर्व उप मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी 24 अक्टूबर को तारापुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान सीधे तौर पर वैश्य समाज के मतदाताओं को साधने के लिए वे तारापुर में रोड-शो और पदयात्रा करेंगे। मुख्य रूप से खड़गपुर, तारापुर और असरगंज बाजार में रोड-शो का कार्यक्रम तय है। 27 अक्टूबर को सुशील मोदी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से साथ कुशेश्वरस्थान और तारापुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। दोनों क्षेत्रों में हफ्ते भर के अंदर उप मुख्यमंत्री रेणु देवी के भी कई कार्यक्रम तय हैं। मांझी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष हैं और चार विधायकों वाली उनकी पार्टी बिहार राजग का घटक दल है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.