बिहार चुनावः संजय जायसवाल बोले- हताश हो गया है विपक्ष, जिनका आगाज हिंसा, उनका अंजाम जंगलराज
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि विपक्षी दल अपनी सुनिश्चित हार को देखकर हिंसा पर उतर आए हैं। विपक्षी दलों का स्तर इतना गिर गया है कि अपनी हार की हताशा में एनडीए के प्रत्याशियों पर हमले कर रहे हैं।
पटना, जेएनएन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि विपक्षी दल अपनी सुनिश्चित हार को देखकर हिंसा पर उतर आए हैं। विपक्षी दलों का स्तर इतना गिर गया है कि अपनी हार की हताशा में एनडीए के प्रत्याशियों पर हमले कर रहे हैं। जायसवाल ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि गोपालगंज में शुक्रवार को भाजपा विधायक सुभाष सिंह पर चुनाव प्रचार के दौरान पत्थरबाजी की गई। पत्थरबाजी में एनडीए के कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, नालंदा जिले में इस्लामपुर के जदयू विधायक चंद्रसेन प्रसाद के काफिले पर विपक्षी दलों के उपद्रवी तत्वों ने हमला किया।
हिंसक वारदातें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी
डॉ. संजय ने कहा कि विपक्षी दलों के हमले में आधा दर्जन कार्यकर्ता जख्मी हो गए हैं। इससे पूर्व मंत्री प्रेम कुमार की सभा में हंगामा किया गया। विपक्षी हताशा हो, अथवा निराशा ऐसी हिंसक वारदातें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। हिंसा करने वालों के खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई होगी।
जिनका आगाज हिंसा, उनका अंजाम जंगलराज
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है। समझ भी रही है। ऐसे लोग जिनका आगाज हिंसा है उसका अंजाम तो जंगलराज ही हो सकता है। लेकिन, विपक्ष के लोगों की गलत मंशा कभी पूरी नहीं होगी। बिहार में पिछले 15 वर्षों से एनडीए का सुशासन है और आगे भी एनडीए का सुशासन चलता रहेगा।
अप्रिय व्यवहार से बनी थी तनातनी की स्थिति
बता दें कि गत दिनों भाजपा और जदयू के कई और विधायक और मंत्रियों के खिलाफ क्षेत्र में अप्रिय व्यवहार किए जाने से तनातनी की स्थिति बन गई थी। दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आए गए थे। क्षेत्र में सर्वाधिक विरोध सत्ता पक्ष के माननीय झेलना पड़ रहा है। उधर, पूरे प्रकरण में भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत भी की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को वस्तु स्थिति से अवगत भी कराया है। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंप कर कई बिंदुओं पर आयोग का ध्यान आकृष्ट किया है। विभिन्न जिलों में जगह-जगह घट रही घटनाओं से भी अवगत कराया है।