Bihar Election 2020: तेजस्वी यादव ने राघोपुर से किया नामांकन, पिछली बार भी यहीं से मिली थी जीत
Bihar Assembly Election 2020 तेजस्वी यादव ने राघोपुर से नामांकन दाखिल किया है। पिछली बार भी उन्होंने यहीं से जीत हासिल की थी। तेजस्वी ने वादा किया है कि अगर उनकी सरकार बनी तो पहली कैबिनेट की बैठक में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे।
पटना, जागरण टीम। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को राघोपुर क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर नामांकन दाखिल किया। उनके साथ आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव भी थे। नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके गृह जिला नालंदा की किसी भी सीट पर पराजित करने की खुली चुनौती दी। साथ ही अपनी सरकार बनने पर कैबिनेट की पहली बैठक में 10 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात दुहराई।
विदित हो कि तेजस्वी यादव ने 2015 के विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से जीत हासिल की थी। इसके बाद वे महागठबंधन की सरकार में उपमुख्यमंत्री बने थे। बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भारतीय जनता पार्टी के साथ चले जाने के कारण वह सरकार गिर गई थी। उसके बाद से बिहार में राष्ट्रीय जनतांतत्रिक गठबंधन की सरकार है।
बुधवार को नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आड़े हाथों लिया। कहा कि एनडीए के लोगों को उनके 10 लाख रोजगार देने की बात पर हंसी आती हे।
राघोपुर में तेजस्वी का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार से होगा। पिछली बार भी तेजस्वी ने सतीश को ही हराया था। सतीश लगातार तीसरी बार राघोपुर से किस्मत आजमा रहे हैं। राघोपुर सीट को लालू परिवार का गढ़ माना जाता है और इस सीट से तेजस्वी यादव की मां राबड़ी देवी भी चुनाव लड़ चुकी हैं।
तेजस्वी का वादा पहली कैबिनेट मीटिंग में ही 10 लाख युवाओं को देंगे स्थायी नौकरी
तेजस्वी ने वादा किया है कि यदि हम सरकार बनाते हैं तो पहली कैबिनेट मीटिंग में ही 10 लाख युवाओं को नौकरी देंगे। यही नहीं तेजस्वी ने ये भी कहा है कि ये सरकारी नौकरियां स्थायी होंगी। इससे पहले तेजस्वी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बेरोजगारी के मुद्दे पर घेर चुके हैं। अब यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि इस बार तेजस्वी युवाओं के दिल मे जगह पाने में कितना सफल हो पाते हैं।
5 सितंबर को जारी कर चुके एक वेब साइट तथा एक मिस्ड कॉल के नंबर
तेजस्वी ने 5 सितंबर को एक वेब साइट तथा एक मिस्ड कॉल के नंबर जारी किया था। उन्होंने कहा कि वहां 22 लाख से अधिक बेरोजगार लोगों ने अपना निबंधन करवाया है। तेजस्वी ने आंकड़ों के हवाले से कहा था कि बिहार में 50 हजार पुलिसकर्मियों के पद रिक्त हैं। बिहार में एक लाख आबादी पर 77 पुलिसकर्मी है जबकि राष्ट्रीय औसत 144 पुलिसकर्मियों का है। स्वास्थ्य विभाग में भी बिहार में 1 लाख 25 हजार चिकित्सकों की जबकि कुल मिलाकर 2 लाख 50 हजार चिकित्सकों और सपोर्टिंग स्टाफ की जरूरत है।