विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा, 26 नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी; 5000 लोगों को मिल सकता है रोजगार

Published: Thu, 03 Sep 2026 07:57 PM (IST)

बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने 26 नई औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिसमें 505.27 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 5000 रोजगार सृजित होंगे।

बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा, 26 नई परियोजनाओं को मिली स्वीकृति (AI Generated Image)

बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा, 26 नई परियोजनाओं को मिली स्वीकृति (AI Generated Image)

HighLights

  1. बियाडा ने 26 औद्योगिक परियोजनाओं को दी मंजूरी।

  2. 505.27 करोड़ रुपये का निवेश, 5000 रोजगार।

  3. खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) द्वारा गुरुवार को 26 औद्योगिक परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इन परियोजनाओं के लिए लगभग 33.08 एकड़ औद्योगिक भूमि का आवंटन भी हुआ।

स्वीकृत परियोजनाओं में लगभग 505.27 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। इससे लगभग 5000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। हालांकि, ऐसा तभी होगा, जब उद्योग धरातल पर क्रियाशील हो जाएं, क्योंकि निवेश के लिए यह प्रथम चरण की स्वीकृति है।

स्वीकृत परियोजनाएं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, लेदर गारमेंट्स, बैग एवं बेल्ट निर्माण, पशु आहार और सामान्य विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं।

इन परियोजनाओं से राज्य के औद्योगिक आधार के विस्तार के साथ स्थानीय संसाधनों एवं मानव संसाधन के उपयोग को बढ़ावा मिलने की संभावना है। स्वीकृत औद्योगिक इकाइयों की स्थापना राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में प्रस्तावित है।

प्लग-एंड-प्ले शेड्स के आवंटन प्रस्ताव पर मुहर:

उद्योग सचिव कुंदन कुमार की अध्यक्षता में बियाडा की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी की बैठक हुई। उसमें राज्य में औद्योगिक निवेश, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना तथा औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया गया।

बैठक में उद्योगों की शीघ्र स्थापना एवं संचालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्लग-एंड-प्ले शेड्स के आवंटन से संबंधित प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में रेजिडेंट कमिश्नर एंड इन्वेस्टमेंट कमिश्नर मनोज कुमार सिंह तथा कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री, इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और लघु उद्योग भारती के सदस्य उपस्थित रहे।

नई परियोजनाओं की स्वीकृति से राज्य में विनिर्माण गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार और कौशल विकास के अवसरों में वृद्धि होगी। - श्रेयसी सिंह, उद्योग मंत्री

बेहतर आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी, सरल प्रक्रियाओं और निवेशक-अनुकूल नीतियों के माध्यम से राज्य में उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। - कुंदन कुमार, उद्योग सचिव