बिहार में पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत, 204 करोड़ से अधिक की 2 परियोजनाओं को मंजूरी
बिहार सरकार ने किशनगंज और लखीसराय में पेयजल समस्या के समाधान हेतु अमृत 2.0 के तहत दो परियोजनाएं स्वीकृत की हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
किशनगंज-लखीसराय में 204 करोड़ से अधिक की पेयजल परियोजनाएं स्वीकृत।
अमृत 2.0 के तहत हजारों परिवारों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल।
नए बोरवेल, जलमीनार और पाइपलाइन से आपूर्ति होगी मजबूत।
राज्य ब्यूरो, पटना। प्रदेश सरकार ने केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के तहत राज्य के दो प्रमुख शहरों किशनगंज और लखीसराय में रहने वाली आबादी के पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए दो अलग-अलग योजनाएं स्वीकृत की हैं।
इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 204.68 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इन योजनाओं के पूरा होने के बाद राज्य के दो प्रमुख शहर किशनगंज और लखीसराय दोनों शहरों के हजारों परिवारों को बेहतर और नियमित पेयजल सुविधा मिलेगी।
नगर विकास एवं आवास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दो जिलों से मिले प्रस्ताव के आलोक में सरकार ने किशनगंज जलापूर्ति परियोजना के लिए 53.71 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं, लखीसराय जलापूर्ति परियोजना के लिए 150.96 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। सूत्रों ने बताया किशनगंज जलापूर्ति योजना के तहत 3,892 नए गृह जल संयोजन दिए जाएंगे।
पानी की आपूर्ति होगी मजबूत
साथ ही 14 नए बोरवेल, 14 आयरन रिमूवल प्लांट, सात पंप हाउस और पांच नए जलमीनार बनाए जाएंगे। इसके अलावा जलापूर्ति के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और अन्य जरूरी कार्य भी किए जाएंगे, जिससे पूरे शहरी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति मजबूत होगी।
वहीं, लखीसराय जलापूर्ति परियोजना के तहत 7,168 गृह जल संयोजन दिए जाएंगे। इसके अलावा 36.119 एमएलडी क्षमता का इंटेक वेल, 35 एमएलडी का जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी), पांच नए जलमीनार, रा और क्लियर वाटर पाइपलाइन, 212 किलोमीटर से अधिक लंबा जल वितरण नेटवर्क प्रणाली स्थापित की जाएगी।
दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से किशनगंज और लखीसराय के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध होगा तथा शहरों की जलापूर्ति व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत और आधुनिक बनेगी।
यह भी पढ़ें- बिहार में हर साल 73 घंटे कम सो रहे लोग, जलवायु परिवर्तन ने छीनी रातों की नींद; रिपोर्ट में खुलासा
