विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'न खुद नशा करेंगे, न करने देंगे', बिहार में नशा मुक्ति महाअभियान को लेकर कॉलेज की छात्राओं ने की खास अपील

Published: Mon, 16 Nov 2026 04:10 PM (IST)

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें छात्र-छात्राएं युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील कर रही हैं।

शारदा शर्मा और आकांक्षा। (जागरण)

शारदा शर्मा और आकांक्षा। (जागरण)

HighLights

  1. छात्राएं युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील कर रही हैं।

  2. अभियान में 10 हजार गिरफ्तारियां, लाखों लीटर शराब जब्त की गई।

  3. जीविका दीदियां घर-घर जाकर नशामुक्ति का संदेश पहुंचा रही हैं।

डिजिटल डेस्क, पटना। जब कोई युवा नशे की गिरफ्त में आता है,तो सिर्फ उसका भविष्य ही बर्बाद नहीं होता, बल्कि देश का एक होनहार नागरिक भी अपनी मंजिल से भटक जाता है।

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की विशेष पहल पर सूबे में 27 अक्टूबर से नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई थी। 26 नवंबर तक एक महीने तक चलाए जाने वाले इस नशामुक्ति महाअभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता के साथ-साथ शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

चलिए, जानते हैं कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं का नशामुक्त अभियान पर क्या कुछ कहना है।

नशे की भेंट न चढ़े युवा

गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, मोतिहारी की छात्रा आकांक्षा कहती हैं कि नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। हम युवा देश का भविष्य हैं। इसलिए हमें खुद को नशे से दूर रखना चाहिए और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।

आगे वह कहती है कि आइए हम सभी मिलकर संकल्प लें कि न तो खुद नशा करेंगे और न ही दूसरों को नशा करने देंगे।

लोकनायक जयप्रकाश इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी छपरा की छात्रा शारदा शर्मा कहती हैं कि हमारे कॉलेज में नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम के माध्यम से हमें बताया गया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है। नशा एक धीमे जहर की तरह है, जो धीरे-धीरे पूरे परिवार के भविष्य को बर्बाद कर देता है।

आगे वह बताती है कि बिहार में नशामुक्ति को लेकर काफी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में हम युवाओं की जिम्मेदारी है कि हम स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। इसके साथ ही, नशे की लत से बाहर निकलने में उनकी मदद करें, ताकि किसी भी परिवार का भविष्य नशे की भेंट न चढ़े।

अभी तक कितनी कार्रवाई हुई?

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ओर से अक्टूबर में की गई कार्रवाई से संबंधित आंकड़ों के मुताबिक, प्रतिदिन औसतन 3 हजार 503 छापामारी की गई।

इस दौरान कुल 8 हजार 933 मुकदमे दर्ज किए गए और 10 हजार 514 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में 7 हजार 423 लोग शराब पीने के आरोप में पकड़े गए, जबकि 3 हजार 91 लोग शराब के अवैध निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल पाए गए।

छापामारी के दौरान कुल 4 लाख 98 हजार 495 लीटर शराब जब्त की गई। इसमें 3 लाख 53 हजार 274 लीटर अवैध देशी शराब, 1 लाख 40 हजार 510 लीटर विदेशी शराब और 4 हजार 711 लीटर स्प्रिट शामिल है।

इसके अलावा, अवैध कारोबार में उपयोग किए जाने वाले 965 वाहन भी जब्त किए गए हैं। इनमें 686 दोपहिया, 79 तिपहिया, 169 चारपहिया और 31 बड़े वाहन शामिल हैं।

नशा मुक्ति अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, गांव और छठ घाटों तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जीविका दीदियां नशा मुक्ति मित्र के रूप में घर-घर जाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रही हैं। राज्य सरकार इन दोनों मोर्चों पर एक साथ काम कर राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रयासरत है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।