एक ही बिहार में हवा के दो रंग, कहीं राहत तो कहीं सांस लेना मुश्किल; आपका शहर किस श्रेणी में?
बिहार के कई शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, जिसमें पटना का मुरादपुर सबसे प्रदूषित रहा। दरभंगा और मधुबनी में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि समस्तीपुर और किशनगंज में हवा संतोषजनक रही।

पटना के राजापुल इलाके में धुएं से लोगों का सांस लेना मुश्किल। जागरण
जागरण संवाददाता, पटना। मौसम का मिजाज बदलने के साथ प्रदेश के कई शहरों की हवा प्रदूषित हो रही है। कहीं सांसों पर प्रदूषण का पहरा है तो कहीं हवा अपेक्षाकृत साफ बनी हुई है।
उत्तर बिहार के दरभंगा और मधुबनी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खराब श्रेणी में पहुंच गया है। वहीं अररिया में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
दूसरी ओर समस्तीपुर और किशनगंज में हवा संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई है। यानी एक ही प्रदेश में कहीं लोगों को प्रदूषित हवा का सामना करना पड़ रहा है तो कहीं राहत की स्थिति है।
समस्तीपुर और सासाराम की स्थिति संतोषजनक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्राप्त आंकड़े के अनुसार राजधानी के मुरादपुर की हवा सबसे खराब रही। यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआइ 281 दर्ज किया गया।
जबकि, दरभंगा का 280, मधुबनी का 260 एवं अररिया का 223 एक्यूआइ दर्ज किया गया। वहीं, नवंबर में एक, दो, 22 और 23 नवंबर को पटना की हवा सबसे स्वच्छ रही।
एक नवंबर को पटना का एक्यूआइ 59, दो नवंबर को 77 , 22 नवंबर को 95 एवं 23 नवंबर को 84 एक्यूआइ दर्ज किया गया था।
राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 183 दर्ज किया गया। राजधानी के दानापुर का 142, पटना सिटी का 176, राजवंशी नगर का 163 एवं समनपुरा का 153 दर्ज किया गया।
किशनगंज, समस्तीपुर और सासाराम की हवा संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई। समस्तीपुर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 67 एवं सासाराम का 78 दर्ज किया गया।
कोहरे और तापमान डालता है प्रभाव
प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अनुसार, सर्दियों की सुबह जब शहर कोहरे और धुंध की चादर में लिपटा नजर आता है, तो यह केवल मौसम में बदलाव का संकेत नहीं होता।
कई बार इस धुंध के पीछे हवा में घुले प्रदूषक कणों का खतरनाक जमाव भी होता है। यही वजह है कि गर्मियों की तुलना में सर्दियों में वायु गुणवत्ता तेजी से बिगड़ने लगती है।
वाहनों का धुआं, निर्माण कार्य या औद्योगिक उत्सर्जन के अलावा मौसम की भौतिक परिस्थितियां जिसमें तापमान में गिरावट , हवा की गति कम होना भी है।
इन परिस्थितियों में प्रदूषक कण वातावरण में ऊपर फैलने के बजाय निचली सतह पर जमा होते जाते हैं। ऐसे में अलग-अलग जगहों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक में अंतर देखने को मिलता है।
इस कारण कई जिलों की हवा स्वच्छ तो कहीं खराब होती है। हवा के प्रवाह के साथ मौसम का मिजाज भी बदलता रहता है।
नतीजतन प्रदूषक लंबे समय तक हवा में बने रहते हैं और एक्यूआइ में वृद्धि होने लगती है। ठंड बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में भी शहरों की हवा की गुणवत्ता पर इसका असर दिख सकता है।
मध्यम श्रेणी के प्रदूषित शहर (AQI)
- भागलपुर 184
- गोपालगंज 166
- सीतामढ़ी 164
- बक्सर 158
- अररिया 157
- हाजीपुर 155
- गया 153
- कटिहार 145
- मुजफ्फरपुर 129
- मुंगेर 127
- औरंगाबाद 120
- छपरा 119
- बेेगूसराय 105
- राजगीर 101
वायु गुणवत्ता की श्रेणी
- अच्छा : 0-50
- संतोष जनक : 51-100
- मध्यम प्रदूषित : 101-200
- खराब : 201-300
- बहुत खराब : 301-400
- गंभीर : 401-450