विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राशन दुकान की लाइन से मुक्ति, बिहार में 75+ उम्र के बुजुर्गों के घर पहुंचेगा अनाज; 30 दिन में बनेगा नया कार्ड

Published: Thu, 12 Nov 2026 12:49 PM (IST)

बिहार सरकार अगले वर्ष से 75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को उनके घर पर राशन पहुंचाएगी, जिससे उन्हें पीडीएस दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी

HighLights

  1. 75+ बुजुर्गों को घर पर मिलेगा राशन अनाज।

  2. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घर पर राशन की घोषणा की।

  3. नए राशन कार्ड 30 दिन में होंगे जारी।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में अब 75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार अगले वर्ष से उनके हिस्से का अनाज सीधे घर तक पहुंचाएगी। 

ज्ञान भवन में नए लाभुकों को राशन कार्ड और नई पीडीएस दुकानों के लाइसेंस वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को यह घोषणा की। इसके पहले कार्यक्रम का उद्घाटन सीएम, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने किया। 

आठ करोड़ 46 लाख लोगों को सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे बिहार में दो करोड़ नौ लाख राशन कार्ड निर्गत किए जा चुके हैं, जिससे आठ करोड़ 46 लाख लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। दीपावली तक 24 लाख नए लोगों को जोड़ा गया है। उन्होंने शेष बचे लोगों से अपील की कि वे आवेदन करें, सरकार बिना किसी कोताही के 30 दिनों के भीतर नया राशन कार्ड जारी करेगी। 

सीएम ने कहा कि सभी राशन कार्ड धारकों को 'आयुष्मान भारत योजना' से जोड़ दिया गया है। पौने तीन करोड़ नए लोगों को इसमें शामिल किया गया है, ताकि गरीब को सिर्फ भोजन ही नहीं, बल्कि बीमार पड़ने पर मुफ्त इलाज भी मिले। 

'कायाकल्प अभियान' से संवरेंगे गांव

सीएम ने कहा कि 31 मार्च से पहले बिहार में 'सेवा संकल्प और कायाकल्प अभियान' के तहत लगभग 22 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। गांवों और शहरों के वार्डों में अतिरिक्त सड़कें, स्कूल भवन, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, कन्या विवाह भवन और छठ घाटों का निर्माण होगा। 

सीएम ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से हर महीने के अंतिम रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' मनाकर इन विकास कार्यों का हिसाब रखने को कहा है।

यह भी पढ़ें- पटना के सरकारी स्कूलों में अब नहीं चलेगा फर्जीवाड़ा, आंखों के रेटिना से दर्ज होगी शिक्षकों की हाजिरी  


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।