विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार को विकसित बनाने के लिए पटना में जुटेंगे 1500 विशेषज्ञ, तैयार होगा विकास का रोडमैप

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:52 AM (IST)

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि 12-13 जनवरी 2027 को पटना में 'ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार-2027' आयोजित होगा, ...और पढ़ें

कार्यक्रम में ड‍िप्‍टी सीएम व‍िजय कुमार चौधरी का हुआ स्‍वागत। सौ-एक्‍स

कार्यक्रम में ड‍िप्‍टी सीएम व‍िजय कुमार चौधरी का हुआ स्‍वागत। सौ-एक्‍स

जागरण संवाददाता, पटना। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार की विकास यात्रा को नई गति देने और 2047 तक विकसित राज्य बनाने की रणनीति तैयार करने देश-विदेश के करीब 1500 विशेषज्ञ पटना में जुटेंगे।

12 व 13 जनवरी 2027 को सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में ग्लोबल कन्वेंशन आन ट्रांसफार्मिंग बिहार-2027 का आयोजन किया जाएगा।

इसमें शिक्षाविद्, उद्योगपति, नीति निर्माता, शोधकर्ता व प्रवासी बिहारी शामिल होंगे। इस दो दिवसीय सम्मेलन में उद्योग, निवेश, रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और शहरीकरण समेत विकास के विभिन्न पहलुओं पर मंथन होगा।

बिहार समिट में देश-विदेश से आएंगे अतिथि

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने सोमवार को होटल मौर्या में सम्मेलन के आधिकारिक पोर्टल के लोकार्पण के मौके पर ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब बिहार के लोग ही यहां रहना नहीं चाहते थे लेकिन अब प्रदेश में ही रहने और बसने की रुचि जगी है।

यह राज्य में हुए विकास कार्यों का परिणाम है। मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने बिहार के विकास की जो मजबूत नींव रखी थी अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उसी पर विकास की इमारत तैयार कर रहे हैं।

बिहार के किसी भी क्षेत्र में विकास की चर्चा होगी तो नीतीश कुमार का नाम जरूर आएगा। उन्होंने कहा कि गत 20 से 22 वर्षों में बिहार ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

2007 में रिसर्जेंट बिहार और 2012 में चेंजिंग बिहार की थीम पर सम्मेलन आयोजित हुआ था। अब ट्रांसफार्मिंग बिहार की थीम के साथ तीसरा सम्मेलन हो रहा है।

इसका उद्देश्य राज्य की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के साथ भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं के अनुरूप ठोस रणनीति तैयार करना है।

मौके पर उद्योग विभाग के सचिव सह बिहार फाउंडेशन के सीईओ कुंदन कुमार, इंस्टीट्यूट आफ ह्यूमन डेवलपमेंट के निदेशक प्रो. अलख एन शर्मा आदि उपस्थित थे।

औद्योगिकीकरण, शहरीकरण व शिक्षा पर विशेष जोर 

कुंदन कुमार ने कहा कि सम्मेलन उद्योग जगत और अकादमिक क्षेत्र को साझा मंच उपलब्ध कराएगा। आयोजन बिहार फाउंडेशन और इंस्टीट्यूट फार ह्यूमन डेवलपमेंट की ओर से नालंदा विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।

मुख्य सम्मेलन से पहले 10 और 11 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय रिसर्च फोरम भी आयोजित होगा। इसमें तीन प्रमुख क्षेत्रों औद्योगिकीकरण को गति देने, सतत शहरीकरण तथा शिक्षा एवं कौशल विकास को मजबूत करने के साथ निवेश के नए अवसर, स्टार्टअप, युवाओं के लिए रोजगार जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी।

सम्मेलन के ठीक पहले कोलकाता में भारतीय प्रवासी दिवस मनाया जाएगा, इससे बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारी आएंगे जो इसमें भी भाग लेंगे।

प्रवासी बिहारियों की पूंजी व विशेषज्ञता से विकास को गति 

सम्मेलन में प्रवासी बिहारियों को राज्य में निवेश के अवसरों से जोड़ने की विशेष पहल होगी। इसके लिए निवेश एवं अवसर डेस्क, स्टार्टअप पिच सत्र, प्रवासी बिहारी संवाद मंच, युवा संवाद और महिला उद्यमिता पवेलियन आयोजित किए जाएंगे।

इसके माध्यम से प्रवासी बिहारियों की पूंजी, अनुभव, तकनीकी ज्ञान और विशेषज्ञता का राज्य के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में उपयोग करने का प्रयास होगा।

जारी होगा बिहार घोषणा-पत्र 2027 

सम्मेलन के निदेशक प्रो. अलख एन. शर्मा ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य बिहार के विकास के लिए व्यावहारिक और नीतिगत सुझाव तैयार करना है।

समापन पर बिहार घोषणा-पत्र 2027 और बिहार विजन 2047 : नीतिगत मार्ग रिपोर्ट जारी की जाएगी। इसमें राज्य के दीर्घकालिक विकास की दिशा और प्राथमिकताओं को रेखांकित किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।