बिहार को हाईवे की सौगात: अरवल-बिहारशरीफ और नौबतपुर-हरिहरगंज सहित 5 सड़कों की फोरलेनिंग को हरी झंडी
सड़क परिवहन मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिहार में पांच चार लेन सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

खबर की प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
मशरख-चकिया-भिट्ठा मोड़ सड़क पर 8,500 करोड़ का खर्च।
अयोध्या-जनकपुर को जोड़ेगी 146 किमी लंबी यह सड़क।
अरवल-बिहारशरीफ सहित तीन अन्य परियोजनाओं को मंजूरी।
राज्य ब्यूरो, पटना। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एनएच की जिस कार्ययोजना को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अपनी अनुमति दी है उसके तहत चार लेन की पांच सड़क परियोजनाओं पर बिहार में मोटी राशि का निवेश होगा।
अकेले मशरख-चकिया-भिट्ठा मोड़ सड़क की फोरलेनिंग पर 8,500 करोड़ रुपये की योजना को सहमति मिल गयी है।
चार लेन की सड़क परियोजनाओं में सबसे अधिक राशि मशरख-चकिया-भिट्ठा मोड़ पर मशरख-चकिया-भिट्ठा मोड़ तक जिस सड़क की फोरलेनिंग होगी। वह दो एनएच क्रमश: 227 और 227 ए है। इसकी लंबाई 146 किमी है।
सबसे अधिक 8,500 करोड़ इसी प्रोजेक्ट पर खर्च होने हैं। इस सड़क का महत्व यह है कि यह अयोध्या को जनकपुर (नेपाल) और माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी से जोड़ रही। यह सड़क सारण, पूर्वी चंपारण. शिवहर व सीतामढ़ी जिले से होकर गुजर रही।
अरवल से बिहारशरीफ सड़क की फोरलेनिंग में 3300 करोड़ रुपये का खर्च
अरवल से बिहारशरीफ के बीच की सड़क 89 किमी लंबी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस सड़क की फोरलेनिंग के लिए भी अपनी सहमति दे दी है।
अभी निर्माण पूर्व की गतिविधियों के लिए 3300 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने को सहमति मिली है। यह एनएच-33 है।
दो सड़कों की फोरलेनिंग के लिए ढाई-ढाई हजार करोड़
दो सड़कों की फोरलेनिंग के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ढाई-ढाई हजार करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस सूची में पहली सड़क पटना के नौबतपुर से अरवल और औरंगाबाद होते हुए हरिहरगंज तक की है।
इसकी लंबाई 88 किमी है। इस सूची में दूसरी सड़क बरियारपुर से बिशुनपुर जमुई तक की है। यह एनएच -333 के रूप में अधिसूचित है। इसकी लंबाई 90 किमी है। बरियारपुर मुंगेर जिले में है। जमुई जिले के झाझा और चकाई होते हुए यह आगे बढ़ती है। वैसे इस सड़क की कुल लंबाई 141 किमी है।
छपवा-बेतिया प्रोजेक्ट के लिए 1700 करोड़
छपवा से बेतिया के बीच 40 किमी लंबी सड़क की फोरलेनिंग के लिए 1700 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गयी है। यह एनएच -727 के रूप में अधिसूचित है। इसमें बेतिया बाईपास भी शामिल है।
