बिहार में 12 औद्योगिक इकाइयों को जमीन की मंजूरी, 132.60 करोड़ का निवेश; 2500 रोजगार के अवसर
बिहार में 12 सूक्ष्म व लघु औद्योगिक इकाइयों को 9.14 एकड़ भूमि और प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटित किए गए ...और पढ़ें

बिहार में 12 औद्योगिक इकाइयों को भूमि की स्वीकृति। सांकेतिक तस्वीर
राज्य ब्यूरो, पटना। विभिन्न क्षेत्र की 12 औद्योगिक इकाइयों के लिए शनिवार को 9.14 एकड़ औद्योगिक भूमि एवं प्लग एंड प्ले शेड्स के आवंटन को स्वीकृति दी गई।
ये सभी सूक्ष्म व लघु उद्योग क्षेत्र की इकाइयां हैं और इनके माध्यम से लगभग 132.60 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।
कारखानों की स्थापना के लिए 9.14 एकड़ भूमि का हुआ आवंटन
इस निवेश के जरिये रोजगार के लगभग 2,500 अवसर सृजित होंगे। इन औद्योगिक इकाइयों की स्थापना पटना, बक्सर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, पूर्णिया, मधुबनी, औरंगाबाद एवं सहरसा में प्रस्तावित है।
बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमेटी (पीसीसी) की बैठक प्रबंध निदेशक नवीन कुमार की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में राज्य में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं निवेश को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
2500 रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान
उसी दौरान उपरोक्त औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि का आवंटन हुआ। बैठक में औद्योगिक भूखंडों के साथ प्लग एंड प्ले सुविधाओं से संबंधित प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
इसके माध्यम से निवेशकों को तैयार औद्योगिक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं संचालन की प्रक्रिया को सुगम और त्वरित बनाया जा सके।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल आधारित अवसर सृजित होंगे।
बिहार सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करते हुए राज्य को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इन स्वीकृत परियोजनाओं से राज्य में औद्योगिक निवेश को गति मिलने, औद्योगिक आधार के विस्तार तथा रोजगार के नए अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की संभावना है। बियाडा द्वारा औद्योगिक भूमि एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता के माध्यम से राज्य में उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।
नवीन कुमार, प्रबंध निदेशक, बियाडा
यह भी पढ़ें- बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा, 26 नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी; 5000 लोगों को मिल सकता है रोजगार
