बिहार को मिले 10 नए ट्रेनी IPS अधिकारी, पटना समेत 10 जिलों में बने ASP; देखें किस अफसर को कहां मिली जिम्मेदारी
बिहार को 10 नए ट्रेनी आईपीएस अधिकारी मिले हैं, जो हैदराबाद में प्रशिक्षण के बाद अब बिहार के 10 जिलों में सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में व्यावहारिक प्रशिक्षण शुरू करेंगे।

पटना से मुंगेर तक नए अफसरों को मिली जिम्मेदारी
HighLights
बिहार को 10 नए ट्रेनी IPS अधिकारी मिले।
ये अधिकारी 10 जिलों में ASP के रूप में तैनात।
22 नवंबर को राजगीर अकादमी में देंगे योगदान।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस को 10 नए ट्रेनी आइपीएस अधिकारी मिले हैं। ये सभी 2025 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी हैं। हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा करने के बाद अब ये अधिकारी बिहार में अपनी व्यावहारिक ट्रेनिंग शुरू करेंगे। इसके लिए सभी को 22 नवंबर को राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
10 जिलों में ASP के रूप में मिली तैनाती
राज्य सरकार की ओर से सभी 10 ट्रेनी आइपीएस अधिकारियों को सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के रैंक में अलग-अलग जिलों में तैनात किया गया है। जिला आवंटन के साथ ही इनके व्यावहारिक प्रशिक्षण की रूपरेखा भी तय कर दी गई है। अब ये अधिकारी अपने आवंटित जिलों में पुलिसिंग की बारीकियां सीखेंगे।
पटना से मुंगेर तक नए अफसरों को मिली जिम्मेदारी
जिला आवंटन के अनुसार, आशीष कुमार को मुंगेर, कोशिंदर को रोहतास और मो. ताबिश हसन को भागलपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नवनीत आनंद को मुजफ्फरपुर, सहर्स कुमार को मोतिहारी और शुभम को गयाजी जिले में ASP के रूप में तैनात किया गया है।
इन जिलों में भी संभालेंगे ASP की भूमिका
इसके अलावा सिदक सिंह को पटना, विजय राघव गोयल को समस्तीपुर, विनय कुमार को भोजपुर और विश्ववर्द्धन को दरभंगा जिला आवंटित किया गया है। सभी अधिकारी अपने-अपने जिलों में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
29 सप्ताह तक जिलों में सीखेंगे पुलिसिंग का काम
हैदराबाद की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में पहले चरण का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब इन अधिकारियों को बिहार में 29 सप्ताह का जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस प्रशासन और थाने के कामकाज से जुड़े व्यावहारिक अनुभव मिलेंगे।
22 नवंबर को राजगीर पुलिस अकादमी में देंगे योगदान
सभी ट्रेनी आइपीएस अधिकारियों को 22 नवंबर को राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में योगदान देना है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत वे अपने आवंटित जिलों में प्रशिक्षण शुरू करेंगे। नए अधिकारियों की तैनाती से जिलों में पुलिस प्रशासन को प्रशिक्षित युवा अधिकारियों की सेवाएं मिलेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।