पटना एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला
जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार की शाम इंडिगो की फ्लाइट टेकऑफ कर रही थी।
पटना। जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार की शाम इंडिगो की फ्लाइट टेकऑफ कर रही थी। स्पीड बढ़ी और 100 नॉटिकल माइल प्रति घंटे से विमान दौड़ा, तभी क्रू मेंबर चिल्लाया आग। पायलट ने दो सेकेंड में फैसला लिया। इमरजेंसी ब्रेक लगाई। टायर फट गया। बायां इंजन फेल हुआ लेकिन ब्रेक काम कर गया। आनन-फानन में यात्रियों को उतारने के लिए इमरजेंसी गेट खोल दिए गए। सब तेजी से फिसलकर निकल रहे थे। चीख-पुकार, हड़बड़ी और धक्का-मुक्की के बीच विमान से फिसलते हुए 174 यात्री बाहर निकले। पटना एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया। विमान रनवे खत्म होने के 800 मीटर पहले रुक पाया था। थोड़ी देर होती तो दीवार तोड़ते हुए बाहर आ जाता। क्या होता, भगवान जानें। सब अपने भगवान को याद कर रहे थे।
शुक्रवार की शाम पटना एयरपोर्ट पर टेकऑफ के दौरान दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6ई-508) के साथ हुई इस दुर्घटना में 30 यात्री मामूली रूप से जख्मी हो गए। हादसे के कारण पटना उतरने वाले कई विमान हवा में ही चक्कर लगाकर लौट गए। रात नौ बजे से फिर उड़ान सामान्य हो पाया। दुर्घटनाग्रस्त फ्लाइट रात साढ़े दस बजे नई दिल्ली रवाना हुई। तीन फ्लाइट एयरपोर्ट पर रुकी रहीं।
रनवे पर दौड़ा विमान तो धुआं दिखा
इंडिगो की पटना से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट शाम को 174 यात्रियों को लेकर उड़ान भरने के लिए रनवे पर 5:55 बजे आई। विमान जैसे ही रनवे पर दौड़ा इंजन में आग लग गई। केबिन के क्रू मेंबर ने इंजन से धुआं निकलते देख लिया और पायलट को सूचना दी। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई तो टायर फट गया। घटना के वक्त विमान की गति 100 नॉटिकल माइल प्रति घंटा थी। हादसे में फ्लाइट के आगे का पत्ती भी टूट गई। विमान रनवे खत्म होने के 800 मीटर पहले रुक पाया।
दो सेकेंड देर होती तो दीवार से टकराता विमान
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने आशंका जताई कि यदि पायलट ने निर्णय लेने में दो सेकेंड भी देर की होती तो विमान एयरपोर्ट की दीवार तोड़ आगे निकल जाता और बड़ा हादसा हो सकता था। तत्काल राहत दल विमान के पास पहुंच गया और इमरजेंसी गेट से यात्रियों को निकाला गया। इस दौरान करीब 30 यात्रियों को हल्की चोटें आई। हादसे के बाद एयरपोर्ट में हड़कंप मच गया। इंडिगो प्रबंधन ने विमान में आग लगने की पुष्टि की है।
वीआइपी फंसे रहे
जीएसटी की लांचिंग के लिए बिहार से कई राजनीतिक दलों के नेताओं को विभिन्न फ्लाइट से दिल्ली जाना था। दुर्घटना से विमान परिचालन ठप हो गया। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, रालोसपा सासद अरुण कुमार समेत कई नेता फंसे रहे। रात नौ बजे के बाद सुशील कुमार मोदी का विमान उड़ा। राची से पटना आ रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की फ्लाइट को भी वापस राची भेज दिया गया। एयरपोर्ट निदेशक राजेंद्र सिंह लाहौरिया बताया कि रात नौ बजे परिचालन सामान्य कर दिया गया।