डिस्टेंस मोड के छात्रों के लिए बड़ी खबर, अब ऑनलाइन होंगी IGNOU की परीक्षाएं
देश के सबसे बड़े विश्वविद्यालय इग्नू जल्द ही सभी परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित करेगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कुछ परीक्षाओं में यह प्रयोग किया भी गया है।
पटना [जेएनएन]। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय खुला विश्वविद्यालय (इग्नू) परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब इसकी परीक्षाएं ऑनलाइन होंगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कुछ परीक्षाओं में यह प्रयोग किया गया है। जल्द ही सभी परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। ये जानकारी बिहार विद्यापीठ में आयोजित इग्नू के छात्र समागम में क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अभिलाष नायक ने दी।
इग्नू देश का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय
डॉ. नायक ने कहा कि इग्नू देश का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय है। यहां 30 लाख शिक्षार्थी अध्ययन कर रहे हैं। 19 देशों में इसके अध्ययन केंद्र चला रहे हैं। देश के किसी कोने में रहकर इस विश्वविद्यालय से अध्ययन कर सकते हैं।
देश के किसी कोने में बदल सकते सेंटर
अध्ययन के दौरान अगर सेंटर बदलना चाहते हैं तो महज 24 घंटे में देश के एक कोने से दूसरे कोने में सेंटर बदल दिया जाएगा। अधिकांश काम ऑनलाइन होने लगा है। जिन छात्रों को ऑनलाइन काम करने में कोई परेशानी होती है, उनकी मदद के लिए क्षेत्रीय कार्यालय में व्यवस्था की गई है।
इग्नू की डिग्री दुनियाभर में मान्य
इग्नू की डिग्री दुनियाभर में मान्य है। राज्यों के विश्वविद्यालयों की डिग्री की भले ही देश से बाहर पहचान नहीं हो, लेकिन अन्य देशों में लोग इग्नू को भलीभांति जानते हैं।