जन गण मन यात्रा में कन्हैया का बड़ा हमला- सावरकर का नहीं, भगत सिंह व आंबेडकर के सपनों का बनेगा भारत
जन मन यात्रा के 18वें दिन कन्हैया कुमार ने सीएए को लेकर नये अंदाज में हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सावरकर का नहीं बल्कि भगत सिंह व आंबेडकर के सपनों का भारत बनाना है।
नालंदा/शेखपुरा,जेएनएन। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष व भाकपा नेता कन्हैया कुमार रविवार को बिहार के शेखपुरा व नालंदा में थे। जन मन यात्रा का आज 18वां दिन हैं। रविवार को दोनों जगहों पर कन्हैया कुमार ने अपने अंदाज में केंद्र सरकार काे निशाना बनाया। साथ ही सावरकर बहाने भाजपा को घेरा। उन्होंने भगत सिंह व अंबेडकर के सपनों का भारत बनाने की बात कही।
बिहारशरीफ से जेएनएन के अनुसार, सीएए, एनआरसी और एनआरपी के विरोध में जन-गण-मन यात्रा पर निकले कन्हैया कुमार ने सोगरा कॉलेज ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमें सावरकर नहीं, बल्कि भगत सिंह और अंबेडकर के सपनों का भारत बनाना है। हमें पान की गिलोरी खाकर नहीं, गोली खाकर आजादी मिली है। मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि अगर आप हमें नागरिक नहीं मानते तो हम आपको सरकार नहीं मानते। आपके पास संसद में बहुमत हो सकता है, हमारे पास सड़क पर बहुमत है। यह लड़ाई हिंदू या मुसलमान के बारे में नहीं है।
उन्होंने एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) के नतीजों से सतर्क रहने की अपील की। कहा कि यह हिदू-मुसलमान का मामला नहीं है, बल्कि संविधान से जुड़ा मामला है। जनता समझ रही है कि उनके असल सवालों को दबाने के लिए यह सरकार उन्हें नागरिकता सिद्ध करने के लिए सरकारी दफ्तरों के बाहर लाइनों में लगा देना चाहती है। कहा कि आज संविधान पर संकट है। संविधान को बचाने की जरूरत है। संविधान की मूल भावना है कि किसी भी नागरिक के साथ जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं होगा, लेकिन इसके ठीक उल्टा किया जा रहा है। कन्हैया कुमार ने कहा कि 30 जनवरी को महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर चंपारण के बापूधाम से निकली उनकी यात्रा 27 फरवरी को पटना के गांधी मैदान में सभा के साथ समाप्त होगी।
उधर, शेखपुरा के इस्लामिया मैदान में भी आज भाकपा नेता कन्हैया कुमार की सभा हुई। बिहारशरीफ की तरह शेखपुरा में भी काफी संख्या में लाेग जुटे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सीएए के नाम पर देश को बांटना चाह रही है, लेकिन यहां की जनता ऐसा नहीं होने देगी।