गुजरात से बिहार तक नई अमृत भारत एक्सप्रेस, 2532 किमी के सफर में इन शहरों से गुजरेगी ट्रेन
रेलवे ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दी है। यह ...और पढ़ें

गुजरात और बरौनी के बीच चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस को रेलवे ने दी मंजूरी।
2,532 किमी लंबी यह ट्रेन चार राज्यों को जोड़ेगी।
पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा।
जागरण संवाददाता, पटना। पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए रेलवे ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की मंजूरी दी है।
2,532 किलोमीटर लंबी यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ेगी। ट्रेन का परिचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 5:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन तड़के 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रात 11:55 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।
गुजरात से बिहार तक कई प्रमुख शहर जुड़ेंगे
नई अमृत भारत एक्सप्रेस के रास्ते में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। इनमें समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर प्रमुख हैं।
इस ट्रेन से गुजरात और बिहार के बीच सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई शहर भी इस सेवा से जुड़ेंगे। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
2532 किमी की दूरी तय करेगी ट्रेन
रेलवे के मुताबिक भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 2532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। नई सेवा से पश्चिमी भारत के गुजरात और पूर्वी भारत के बिहार के बीच रेल संपर्क को विस्तार मिलेगा।
विशेष रूप से गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
नई ट्रेन के परिचालन से प्रमुख शहरों के बीच यात्रा के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे और लंबी दूरी के यात्रियों के लिए रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ें- आरा वालों के लिए खुशखबरी, 26 अगस्त से अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस का यहां भी होगा ठहराव
