अटल के निधन से भोजपुरी सिनेमा इंडस्ट्री में भी शोक, रवि किशन ने ऐसे दी श्रद्धांजलि
अटल बिहारी वाजपेयी के निधन से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। भोजपुरी स्टार व भाजपा नेता रवि किशन ने भी उन्हें अपने अंदाज में श्रद्धांजलि दी है।
पटना [जेएनएन]। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी नहीं रहे। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में गुरुवार की शाम 5.05 बजे उनका निधन हो गया। बुधवार से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। उनकी मौत पर पूरा बिहार मर्माहत है। वाजपेयी के निधन पर भोजपुरी सिनेमा में भी शोकी की लहर है। कई भोजपुरी स्टार्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। ये सितारे उन्हें अपने तरीके से याद कर रहे हैं, उनसे जुड़ी यादें साझा कर रहे हें।
रवि किशन ने कविता पढ़ दी श्रद्धांजलि
भोजपुरी स्टार और भाजपा नेता रवि किशन ने उनके लिए एक कविता पढ़ते हुए भावुक हो गए। रवि किशन को वाजपेयी की कविताएं पसंद हैं। उन्होंने कविता के माध्यम से अपने भाव प्रकट किए:
मस्तक नहीं झुकेगा...
भारत जमीन का टुकड़ा नहीं,
जीता जागता राष्ट्रपुरुष है।
हिमालय मस्तक है, कश्मीर किरीट है,
पंजाब और बंगाल दो विशाल कंधे हैं।
पूर्वी और पश्चिमी घाट दो विशाल जंघायें हैं।
कन्याकुमारी इसके चरण हैं, सागर इसके पग पखारता है।
यह चन्दन की भूमि है, अभिनन्दन की भूमि है,
यह तर्पण की भूमि है, यह अर्पण की भूमि है।
इसका कंकर-कंकर शंकर है,
इसका बिन्दु-बिन्दु गंगाजल है।
हम जियेंगे तो इसके लिये
मरेंगे तो इसके लिये।